Showing posts with label भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी. Show all posts
Showing posts with label भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी. Show all posts

Thursday, 27 August 2020

"भूपेश गुप्त की सिंहगर्जना से जिसको सुनने से हर्दय, शरीर और रोम में कंपन होता था." : अतुल कुमार अंजान ------ जया सिंह

tsSponsm9orcedh
 
साठ और सत्तर के दशक में भारतीय संसद में हीरेन मुखर्जी, नाथ पाई, ज्योतिर्मय बसु और अटल बिहारी वाजपेई के साथ साथ जिस वक्ता की सबसे ज़्यादा धाक होती थी वो थे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के भूपेश गुप्त.
एक बार मशहूर रंगमंच आलोचक केनेथ टिनेन ने कहा था, "अंग्रेज़ कंजूसों की तरह लफ़्ज़ों की जमाखोरी करते हैं, जबकि आयरिश एक शराबी की तरह उन्हें बाहर निकाल देते हैं."
भूपेश गुप्त ने अपने जीवन में कभी शराब नहीं पी, लेकिन राज्यसभा में जब भी वो बोलने के लिए खड़े हुए, उनके मुंह से लफ़्ज एक आयरिश मैन की तरह ही निकले.
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान की भूपेश गुप्त से पहली मुलाकात जब हुई जब वो सिर्फ़ 16-17 साल के हुआ करते थे.
अंजान बताते हैं, "मैं आल इंडिया स्टूडेंट फ़ेडेरेशन के एक प्रदर्शन में दिल्ली आया था 1972 में. बोट क्लब पर हुए उस प्रदर्शन में मैंने भूपेश गुप्त को पहली बार बोलते हुए सुना. वहीं मैंने मधु लिमये, अमृतपद डाँगे और नाथ पाईजी को सुना. मैं इन सबसे प्रभावित हुआ. लेकिन सबसे अधिक प्रभावित हुआ भूपेश गुप्त की सिंहगर्जना से जिसको सुनने से हर्दय, शरीर और रोम में कंपन होता था."
अंजान आगे बताते हैं, "क्या शब्द थे उनके! क्या था उनका उच्चारण ! उस ज़माने में उतनी अंग्रेज़ी नहीं जानता था लेकिन तब भी लगता था कि वो हमारी ही बात कर रहे हैं.जब वो उठ कर जाने लगे तो मैं उनके पास जा कर खड़ा हो गया. उनसे बातचीत की. हाथ मिलाया. उन्होंने अंग्रेज़ी में पूछा कहाँ से? मैंने कहा लखनऊ से. ये मेरी उनकी पहली मुलाकात थी.''
बाद में तो अतुल अंजान का भूपेश गुप्त के साथ काफ़ी साथ रहा. जब भी वो लखनऊ से दिल्ली आते, उन्हीं के घर ठहरते थे. सुबह साढ़े तीन बजे उठ जाते थे भूपेश गुप्त. तभी अख़बार वाला धड़ाप की आवाज़ के साथ अख़बार का बंडल फेंक जाता था.
दैनिक कार्य से निवृत्त होने के बाद वो चार बजे से अख़बार पढ़ना शुरू कर देते थे. पाँच बजे से वो राज्यसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के लिए तैयारी शुरू कर देते थे. एक ही उंगली से अपने पुराने टाइप राइटर पर टाइप करना शुरू कर देते थे. सात-साढ़े सात बजे तक उनका काम रोको प्रस्ताव और ज़ीरो आवर में कौन सा सवाल पूछेंगे- इन सब की तैयारी हो जाती थी.
आठ सवा आठ बजे राज्यसभा के सचिवालय में उनका प्रश्न पहुंच जाता था और ठीक दस बजे वो संसद पहुंच जाते थे. कुल मिलाकर उन्होंने राज्यसभा में 1500 से 2000 के बीच भाषण दिए हैं.
जब भूपेश बोलते थे तो सभापति तक के बूते की बात नहीं होती थी कि वो उनके भाषण में व्यवधान डाले या उनसे कहे, "योर टाइम इज़ अप मिस्टर भूपेश गुप्त."
जब वो खड़े होते थे तो लोग अपनी कुर्सी से चिपक कर बैठ जाते थे. सुमित चक्रवर्ती मेनस्ट्रीम पत्रिका के संपादक और जानेमाने पत्रकार निखिल चक्रवर्ती के बेटे हैं.
वो बताते हैं, "अबू अब्राहम ने एक बार लिखा था कि जब वो राज्यसभा में पहली बार एक सदस्य की हैसियत से घुसे तो उन्होंने देखा कि भूपेश गुप्त सदन में कोई मामला उठा रहे थे. उनका भाषण कुछ लंबा हो चला था. सभापति ने उनसे गुज़ारिश की कि मुद्दे पर आइए."
"भूपेश ने जवाब दिया मैं धीरे धीरे वही कर रहा हूँ. एक मोती से माला नहीं बन जाती. उनको एक एक कर पिरोने से ही माला बनती है. उनकी एक और अदा होती थी कि अपना भाषण देने के बाद वो अपना हियरिंग एड उतार देते थे. लोग मज़ाक में कहते थे कि वो ऐसा इसलिए करते थे ताकि उनके भाषण की आलोचना उनके कानों तक न पहुंच सके. एक बार नेहरू के भाषण के दौरान ही उन्होंने अपना हियरिंग एड उतार दिया था. जब नेहरू ने कहा था कि हममें से बहुतों को ये सौभाग्य नहीं प्राप्त है कि हम वो न सुनें जो हम सुनना नहीं चाहते."
हिरण्मय कार्लेकर हिंदुस्तान टाइम्स के संपादक रह चुके हैं. उन्होंने भूपेश गुप्त के राजनीतिक जीवन को बहुत नज़दीक से देखा है. वे बताते हैं, "अगर आपको उनसे बात करनी होती थी तो आपको बहुत ज़ोर से बोलना पड़ता था, क्योंकि वो ऊंचा सुनते थे. दूसरा वो खुले इंसान थे. जो कुछ कहना होता था साफ़ बोलते थे. तीसरे विवादास्पद बात करने में उन्हें बहुत मज़ा आता था. एक बात करके वो छोड़ देते थे और फिर देखते थे कि उसका उन लोगों पर क्या असर पड़ रहा है जिनके लिए वो बात कही गई थी."
भूपेश शराब को हाथ नहीं लगाते थे. सुमित चक्रवर्ती एक किस्सा सुनाते हैं, "एक बार नववर्ष के मौके पर एक महिला ने उनसे कहा कि आज तो कम से कम आप शैरी पी सकते हैं. भूपेश ने ज़ोर से ठहाका लगाते हुए कहा था कि तुम मुझसे वो काम करने के लिए कह रही हो जो मुझसे माओ त्से तुंग और निकिता ख्रुशचेव भी नहीं करवा पाए. उन्होंने कितनी बार मुझसे शराब पीने का इसरार किया लेकिन मैंने कभी उनकी बात नहीं मानी."
मेनस्ट्रीम के पूर्व संपादक निखिल चक्रवर्ती भूपेश गुप्त को उनके लंदन के दिनों से जानते थे. उनकी मौत के बाद उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा था, "भूपेश संसदीय बहस के लिए बहुत तैयारी करते थे. वो अपने निजी सचिव खुद थे. उनका कमरा हमेशा बेतरतीब रहता था लेकिन वो मेज़ जिस पर वो काम करते थे, हमेशा साफ़ सुथरी होती थी."
"उस ज़माने में संसद में ध्यान आकर्षित करने के कई तरीके हुआ करते थे. एक था राजनारायण स्टाइल जहाँ आप मसखरापन कर सांसदों का ध्यान खींचते थे और दूसरा था संजय गांधी स्टाइल जहां आप ताक़त और ऊँची आवाज़ के ज़ोर पर अपनी बात मनवाते थे. भूपेश इन दोनों से अलग थे. उन्हें इसलिए सुना जाता था क्योंकि वो हमेशा नाइंसाफ़ी और असमानता के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते थे."
भूपेश गुप्त की अकेली संपत्ति उनकी किताबें थी. उनके पास बहुत कम कपड़े होते थे. अगर कोई उन्हें कोई कपड़ा देता भी तो वो उसे किसी ज़रूरतमंद को बांट देते थे. कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व नेता मोहित सेन उनके बहुत करीबी थे.
उन्होंने अपनी आत्मकथा 'द ट्रैवलर एंड द रोड' में लिखा है, "जब वो मरे तो उनके बैंक अकाउंट में बहुत कम पैसे थे. उनके पास किताबों, नोटबुक्स और बहुत मामूली वार्डरोब के अलावा कुछ भी नहीं था. मुझे वो बहुत पसंद करते थे और अक्सर हम उनके फ़िरोज़ शाह रोड वाले घर से बंगाली मार्केट पैदल जाया करते थे जहाँ वो गोलगप्पे और मिठाइयां खाते थे."
"तीस के दशक से ही वो इंदिरा गाँधी से बहुत जुड़े हुए थे और उनके और फ़िरोज़ गाँधी के बीच संदेशवाहक का काम करते थे. लेकिन 1977 के बाद से वो उनके सख़्त ख़िलाफ़ हो गए थे, हालांकि उन्होंने इमरजेंसी का समर्थन किया था. उसके बाद वो उनसे निजी तौर पर कभी नहीं मिले."
भूपेश गुप्त और इंदिरा गांधी की दोस्ती के बारे में बहुत कुछ लिखा गया है. इंदिरा गांधी, उनके होने वाले पति फ़िरोज़ गाँधी और भूपेश गुप्त ब्रिटेन से एक ही पानी के जहाज़ से भारत वापस लौटे थे.
इंदिरा गांधी की नज़दीकी दोस्त पुपुल जयकर ने उनपर लिखी जीवनी में लिखा है, "जब इंदिरा गांधी फ़िरोज़ गाँधी से शादी के मुद्दे पर अपने पिता जवाहरलाल नेहरू को नहीं मना पाईं तो वो और फ़िरोज़, कम्युनिस्ट नेता और अपने बहुत अच्छे दोस्त भूपेश गुप्त के पास गए."
"जब भूपेश ने ये सुना तो वो फ़िरोज़ की तरफ़ मुड़ कर बहुत गंभीरता से बोले, 'क्या तुम वफ़ादार रह पाओगे?' फ़िरोज़ ज़ोर से हंसे और घुटनों के बल बैठ कर बोले, 'क्या तुम चाहते हो कि मैं वफ़ादारी का प्रण लूँ?'
भूपेश गुप्ता ने फ़िरोज़ गांधी को कोई जवाब नहीं दिया, बल्कि इंदिरा गांधी की तरफ़ मुड़कर पूछा, 'क्या तुम वास्तव में फ़िरोज़ से शादी करना चाहती हो?' उनको पता था कि इंदिरा ज़िद्दी है और उन्हें कोई ताज्जुब नहीं हुआ जब इंदिरा ने कहा कि उनका यही इरादा है. भूपेश ने तब दोनों से कहा कि वो महात्मा गांधी से सलाह लें."
इंदिरा गांधी से इतनी निकटता होने के बावजूद उनकी दोस्ती कभी भी उनके राजनीतिक विचारों के आड़े नहीं आई. जब वक्त का तकाज़ा हुआ तो उन्होंने इंदिरा गाँधी पर राजनीतिक हमलों से परहेज़ नहीं किया.
अतुल कुमार अंजान बताते हैं, "इंदिरा गांधी के साथ उनके संबंध नीतियों के सवाल पर कठोर होते थे. मुझे लगता है कि लंदन के अध्ययन काल में दोनों के संबंधों के बीच बहुत जीवंतता और आत्मीयता थी. एक बार मैं उनके निवास स्थान से संसद भवन पैदल जा रहा था."
"अचानक उनके सामने एक एंबेसडर कार आ कर रुकी. शीशा उतार कर एक महिला बोल रही थी भूपेश... भूपेश. मैंने देखा वो प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं. उन्होंने अपनी कार का दरवाज़ा खोला और उनसे अपनी कार में बैठने का आग्रह करने लगीं. लेकिन भूपेश कार में बैठने में झिझक रहे थे. अंतत: वो कार में नहीं बैठे. तब मुझे लगा कि ये सिर्फ़ एक अद्वितीय सांसद और प्रधानमंत्री के बीच का मामला नहीं है, बल्कि यह बहुत गहरा आत्मीय संबंध है."
जब 1980 में अचानक इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गाँधी का एक हवाई दुर्घटना में निधन हो गया, तो घोर राजनीतिक विरोधी होते हुए भी भूपेश गुप्त ने संजय गाँधी को जिस तरह की भावभीनी श्रंद्धांजलि दी, वैसी शायद किसी ने भी नहीं दी.
भूपेश गुप्त बोले, "कई मौके ऐसे आते हैं जब नियमों को ताक पर रख दिया जाता है. अगर नियमों को ताक पर नहीं रखा गया होता तो 23 जून को हुई दुर्घटना नहीं हुई होती, तो प्रधानमंत्री के बेटे, सत्ताधारी पार्टी के महासचिव और 25 सालों तक मेरे दोस्त रहे फ़िरोज़ गांधी के छोटे बेटे और अगर मुझ पर चापलूसी का इल्ज़ाम न लगाया जाए, तो मेरी दोस्त इंदिरा गांधी के बेटे के प्राण नहीं जाते. मैं बहुत भरे दिल से यह सब कह रहा हूँ."
1981 में जब भूपेश गुप्त का निधन हुआ और उनके पार्थिव शरीर को अजय भवन लाया गया, तो इंदिरा गांधी स्वयं उन्हें श्रद्धांजलि देने कम्युनिस्ट पार्टी के मुख्यालय अजय भवन पहुंची. उस समय अतुल अंजान भी अजय भवन में मौजूद थे.
अतुल बताते हैं, "मैंने देखा कि इंदिरा जी आईं थी. एकदम श्वेत परिधान में थीं...एकदम सफ़ेद. काला चश्मा लगाए हुए थीं."
"जब वो भूपेश के पार्थिव शरीर के पास आईं तो बहुत देर तक खड़ी रहीं. उनका शरीर शीशे के कास्केड में रखा गया था, जिसमें उनका चेहरा दिखाई दे रहा था. वो अपनी लंबी गर्दन निकाल कर बहुत ग़ौर से भूपेश के चेहरे को देखती रहीं. मैं उनकी बगल में खड़ा था. मैंने देखा कि उनके काले चश्मे के नीचे से टप-टप आँसू बह रहे थे."
https://www.facebook.com/permalink.php?story_fbid=1002714700168011&id=100012884707896

Monday, 25 December 2017

स्थापना दिवस 26 दिसंबर पर विशेष : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ------ विजय राजबली माथुर






इस दल की स्थापना तो 1924 ई में विदेश में हुई थी। किन्तु 25 दिसंबर 1925 ई को कानपुर में एक सम्मेलन बुलाया गया था जिसके स्वागताध्यक्ष  गणेश शंकर विद्यार्थी जी थे। 26 दिसंबर 1925 ई  को एक प्रस्ताव पास करके  'भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी' की स्थापना की विधिवत घोषणा की गई थी। 1931 ई में इसके संविधान का प्रारूप तैयार किया गया था किन्तु उसे 1943 ई में पार्टी कांग्रेस के खुले अधिवेन्शन में स्वीकार किया जा सका क्योंकि तब तक ब्रिटिश सरकार ने इसे 'अवैध'घोषित कर रखा था और इसके कार्यकर्ता 'कांग्रेस' में रह कर अपनी गतिविधियेँ चलाते थे। 

वस्तुतः क्रांतिकारी कांग्रेसी ही इस दल के 
संस्थापक थे। 1857 ई की क्रांति के विफल होने व निर्ममता पूर्वक कुचल दिये जाने के बाद स्वाधीनता संघर्ष चलाने हेतु स्वामी दयानन्द सरस्वती (जो उस क्रांति में सक्रिय भाग ले चुके थे)ने 07 अप्रैल 1875 ई (चैत्र शुक्ल  प्रतिपदा-नव संवत्सर)को 'आर्यसमाज' की स्थापना की थी। इसकी शाखाएँ शुरू-शुरू में ब्रिटिश छावनी वाले शहरों में ही खोली गईं थीं। ब्रिटिश सरकार उनको क्रांतिकारी सन्यासी (REVOLUTIONARY SAINT) मानती थी। उनके आंदोलन को विफल करने हेतु वाईस राय लार्ड डफरिन के आशीर्वाद से एक रिटायर्ड ICS एलेन आकटावियन (A.O.)हयूम ने 1885 ई में वोमेश चंद (W.C.) बैनर्जी की अध्यक्षता में 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' की स्थापना करवाई जिसका उद्देश्य ब्रिटिश साम्राज्यवाद की रक्षा करना था। दादा भाई नैरोजी तब कहा करते थे -''हम नस-नस में राज-भक्त हैं''। 
स्वामी दयानन्द के निर्देश पर आर्यसमाजी कांग्रेस में शामिल हो गए और उसे स्वाधीनता संघर्ष की ओर मोड दिया। 'कांग्रेस का इतिहास' में डॉ पट्टाभि सीता रमइय्या ने लिखा है कि गांधी जी के सत्याग्रह में जेल जाने वाले कांग्रेसियों में 85 प्रतिशत आर्यसमाजी थे। अतः ब्रिटिश सरकार ने 1906 में 'मुस्लिम लीग'फिर 1916 में 'हिंदूमहासभा' का गठन भारत में सांप्रदायिक विभाजन कराने हेतु करवाया। किन्तु आर्यसमाजियों व गांधी जी के प्रभाव से सफलता नहीं मिल सकी। तदुपरान्त कांग्रेसी डॉ हेद्गेवार तथा क्रांतिकारी विनायक दामोदर सावरकर को ब्रिटिश सरकार ने अपनी ओर मिला कर RSS की स्थापना करवाई जो मुस्लिम लीग के समानान्तर सांप्रदायिक वैमनस्य भड़काने में सफल रहा। 
इन परिस्थितियों में कांग्रेस  में रह कर क्रांतिकारी आंदोलन चलाने वालों को एक क्रांतिकारी पार्टी की स्थापना की आवश्यकता महसूस हुई जिसका प्रतिफल 'भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी'के रूप में सामने आया। ब्रिटिश दासता के काल में इस दल के कुछ कार्यकर्ता पार्टी के निर्देश पर  कांग्रेस में रह कर स्वाधीनता संघर्ष में सक्रिय भाग लेते थे तो कुछ क्रांतिकारी गतिविधियों में भी संलग्न रहे। उद्देश्य ब्रिटिश साम्राज्यवाद से देश को मुक्त कराना था। किन्तु 1951-52 के आम निर्वाचनों से पूर्व इस दल ने संसदीय लोकतन्त्र की व्यवस्था को अपना लिया था। इन चुनावों में 04.4 प्रतिशत मत पा कर इसने लोकसभा में 23 स्थान प्राप्त किए और मुख्य विपक्षी दल बना। दूसरे आम चुनावों में 1957 में केरल में बहुमत प्राप्त करके इसने सरकार बनाई और विश्व की पहली निर्वाचित कम्युनिस्ट सरकार बनाने का गौरव प्राप्त किया। 1957 व 1962 में लोकसभा में साम्यवादी दल के 27 सदस्य थे। 
1925 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना से ब्रिटिश सरकार हिल गई थी अतः उसकी चालों के परिणाम स्वरूप 'कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी' की स्थापना डॉ राम मनोहर लोहिया,आचार्य नरेंद्र देव आदि द्वारा की गई। इस दल का उद्देश्य भाकपा की गतिविधियों को बाधित करना तथा जनता को इससे दूर करना था। इस दल ने धर्म का विरोधी,तानाशाही आदि का समर्थक कह कर जनता को दिग्भ्रमित किया। जयप्रकाश नारायण ने तो एक खुले पत्र द्वारा  'हंगरी' के प्रश्न पर साम्यवादी नेताओं से जवाब भी मांगा था  जिसके उत्तर में तत्कालीन महामंत्री कामरेड अजय घोष ने कहा था कि वे स्वतन्त्रता को अधिक पसंद करते हैं किन्तु उन्होने विश्व समाजवाद के हित में सोवियत संघ की कार्यवाही को उचित बताया। 
कभी विश्व की प्रथम निर्वाचित कम्युनिस्ट सरकार की स्थापना केरल में करवा चुकी भाकपा गलत लोगों का साथ देने व पार्टी में गलत लोगों को प्रश्रय देने से   निरंतर संकुचित होती जा रही है।  जो कभी कामरेड बी टी रणदिवे व कामरेड ए के गोपालन द्वारा कहा गया था कि हम संविधान में घुस कर संविधान को तोड़ देंगे अब उस पर RSS नियंत्रित सांप्रदायिक/साम्राज्यवाद समर्थक सरकार अमल करने जा रही है। एक-एक करके राज्यों में येन-केन-प्रकारेंण अपनी सरकारे स्थापित करके जब वह संविधान संशोधन करने में सक्षम हो जाएगी तो वर्तमान संविधान की जगह अपना अर्द्ध-सैनिक तानाशाही वाला संविधान थोप देगी। क्योंकि भाकपा 'संसदीय लोकतन्त्र' को अपनाने के बावजूद न तो चुनावों में सही ढंग से भाग ले रही है और न ही सही साथी का चुनाव कर रही है अतः जनता कम्युनिस्टों के नाम पर नक्सलवादियों को ही जानती है जिनको न तो व्यापक जन-समर्थन मिल सकता है न ही वे सरकार सशस्त्र विद्रोह के जरिये गठित कर सकते हैं। देश की हृदय-स्थली उत्तर प्रदेश में भाकपा को अकेले दम पर चलाने का ऐलान करने वाला मोदी की छाया और RSS/USA समर्थित केजरीवाल का अंध - भक्त है।  
आज सर्वाधिक पुरानी राजनीतिक पार्टी की  (क्योंकि 1885 में स्थापित INC तो 1969 में विभाजित होकर 1977 में जनता पार्टी में विलीन हो गई थी और आज की राहुल कांग्रेस तो 1969 में इन्दिरा गांधी द्वारा स्थापित इन्दिरा कांग्रेस है ) स्थापना के 92  वर्ष व्यतीत हो जाने के बाद जबकि केंद्र में सत्तारूढ़ सांप्रदायिक सरकार राज्यों में भी मजबूत  होती जा रही  है और समाजवाद के नाम पर भाकपा को  पीछे धकेलने वाले दल एकजुट हो रहे हैं भाकपा के भीतर भाजपा के हितैषी मोदी-मुलायम भक्त  उन दोनों महानुभावों से छुटकारा पाने की नितांत आवश्यकता है तभी पार्टी का विस्तार व लोकप्रियता प्राप्ति हो सकेगी। 
पुनश्च :
एमर्जेंसी  के इन्दिरा - देवरस गुप्त समझौते के जरिये 1980 में इन्दिरा जी की वापिसी और 1984 में राजीव जी का लोकसभा का बहुमत संघ के समर्थन से होने के बाद उसका दारा प्रत्येक राजनीतिक दल तक बढ़ गया है अतः तदनुरूप रणनीति बनाना समय की आवश्यकता है  ------
  

Friday, 14 April 2017

पी.सी जोशी को जयन्ती पर क्रांतिकारी सलाम ------ श्रवण कुमार



Sharwan Kumar
भारतीय जननाट्य संध(इप्टा) के संस्थापकों में एक कामरेड पी.सी जोशी(पूरनचन्द जोशी) की आज जयन्ती है। वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रथम महासचिव थे।
उनका जन्म आज ही की तिथि 14 अप्रैल, 1907 को अल्मोड़ा(उत्तराखंड) में हुआ था। वे एक प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी थे।अँग्रेजों के विरूद्ध गोपनीय गतिविधि में सक्रिय भूमिका के कारण वे गिरफ्तार हुए और 'मेरठ षड्यंत्र केस'(1929) केस में उन्हे 1933 तक जेल में रहना पड़ा। जेल से बाहर आने के बाद 1936 में वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रथम महासचिव बने। उन्होंने 1951 में इलाहाबाद से 'इंडिया टुडे' पत्रिका भी निकाली। विद्यार्थी संगठन एवं मजदूर संगठन की स्थापना में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कम्युनिस्ट आंदोलन से संबंधित उनकी बहुत सारी किताबें हैं । कुछ सालों तक वे सीपीआई के मुख पत्र 'न्यू एज' के सम्पादक भी रहे।आइए महान संगठनकर्ता, मार्क्सवादी चिंतक,लेखक कामरेड पी.सी जोशी को उनकी जयन्ती पर क्रांतिकारी सलाम पेश करते हैं ।
https://www.facebook.com/photo.php?fbid=1898369473765820&set=a.1388791514723621.1073741826.100007783560528&type=3