Showing posts with label मुजफ्फरनगर. Show all posts
Showing posts with label मुजफ्फरनगर. Show all posts

Thursday, 14 November 2013

सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति का शिकार मुजफ्फर नगर :तंजीमे इंसाफ मे पारित प्रस्ताव

मुजफ्फरनगर दंगे में 60 से अधिक लोग मारे गए सैंकड़ों लोग घायल हुये। दंगे की भयावह तबाही और उस से व्याप्त भय के कारण 50 हजार से भी अधिक लोग अपना घर,अपनी जमीन छोड़ कर विस्थापित होने के लिए मजबूर हो गए हैं। इन विस्थापित हुये लोगों के लिए मुजफ्फरनगर और उसके आस-पास के इलाकों में 21 से अधिक स्थानों पर 40 से भी अधिक राहत शिविर लगे हैं। लंबे समय से गंगा जमुनी तहजीब की पहचान माने जाने वाले मुजफ्फरनगर का यूं दंगे की आग में झुलस जाना निस्संदेह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांप्रदायिक सौहार्द के लिए एक अनहोनी घटना और अशुभ संकेत की तरह है परंतु इसे केवल सांप्रदायिक शक्तियों की करतूत कह कर ही माफ नहीं किया जा सकता है। इस भयावह घटना के लिए जितना संघ परिवार की सांप्रदायिक साजिशें जिम्मेदार हैं उतना ही दोष राज्य सरकार की निष्क्रियता और राजनीतिक बदनीयती का भी है। इस कांड की तैयारी काफी लंबे समय से जहां सांप्रदायिक संघ परिवार ने की थी तो वहीं राज्य की सपा सरकार ने भी अपने चुनावी लाभ के लिए वैमनस्य के इस कारोबार को हवा देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। इस पूरे सांप्रदायिक दंगे के बीच ऐसे कई सवाल हैं जो जिसके जवाब राज्य सरकार और प्रशासन को देने होंगे। मसलन कि, क़व्वाल की घटना के बाद जिलाधिकारी और एस एस पी का तबादला क्यों किया गया?
ज़िला प्रशासन को दंगे की आग के बीच बगैर डी एम और एस एस पी क्यों रखा गया?
किसी भी प्रकार की पंचायत और महा पंचायत की छूट किसी भी संम्प्रदाय को क्यों दी  गई?
क़व्वाल की घटना के लिए गिरफ्तार दोषियों को किस लिए छोड़ दिया गया?
क्या सरकार को मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही सांप्रदायिक शक्तियों की गतिविधियों का ज्ञान नहीं था और उन पर रोक क्यों नहीं लगाई गई?
उकसाने वाले भाषण देने वाले नेताओं को उसी दिन क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया?
इस पूरे दंगे को गौर से देखने पर साफ कहा जा सकता है कि सांप्रदायिक शक्तियों द्वारा रचा गया यह ऐसा दंगा है जिसे राज्य सरकार की निष्क्रियता और बदनीयती ने कामयाब होने दिया।
 यदि सरकार चाहती तो 84 कोसीय यात्रा की तरह इस दंगे को भी रोक सकती थी।
दंगे को लंबा समय बीत जाने के बावजूद सरकार की निष्क्रियता और लापरवाही अभी तक बनी हुई है।
 तंजीमे इंसाफ का यह स्थापना सम्मेलन सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति का शिकार हुये मुजफ्फरनगर के साथ हमदर्दी व्यक्त करते हुये इस वीभत्स दंगे की सख्त शब्दों में निंदा करता है और मांग करता है कि तुरंत दंगे के सभी दोषी व्यक्तियों को बगैर किसी भेदभाव के फौरन गिरफ्तार किया जाना चाहिए और फास्ट ट्रेक कोर्ट का गठन करते हुये फौरन मामलों का निपटारा करना चाहिए,सभी पीड़ितों को तुरन्त मुआवजा दिया जाना चाहिए,राहत कार्यों में तेज़ी लाई जानी चाहिए,पीड़ित लोगों की संपत्ति का तुरन्त मूल्याकन किया जाये ताकि उन्हें मुआवजा मुहैया कराया जा सके,दंगों में अपनी साप्रदायिक भूमिका के लिए कुख्यात हुये फुगाना और दूसरे गावों के थानाध्यक्ष और पुलिस कर्मियों की जांच के लिए अलग से एक न्यायिक जांच करते हुये दोषियों को दंगों का भागीदार मानते हुये उन पर कार्यवाही की जानी चाहिए,पूरे सांप्रदायिक दंगे की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इस क्रम में सबसे पहले दंगे में विस्थापित हुये लोगों को सुरक्षा की गारंटी देकर उन्हें उनके घरों में पुनर्रस्थापित   करना चाहिए। 






Thursday, 3 October 2013

कामरेड अशोक मिश्रा द्वारा प्रस्तुत लखनऊ रैली में मुजफ्फरनगर के साम्प्रदायिक दंगों पर पारित प्रस्ताव

30 स्तंबर 2013 की लखनऊ रैली में प्रस्ताव पेश करते हुये  वरिष्ठ कामरेड अशोक मिश्रा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड अशोक मिश्रा ने रैली की उपादेयता बताते हुये निम्न-लिखित प्रस्ताव पेश किए जिनको उपस्थित साथियों ने सर्व-सम्मति से पारित किया:
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की इस विशाल राज्य स्तरीय रैली में शामिल हजारों-हजार स्त्री पुरूष, किसान-कामगार, छात्र-नौजवान एवं तमाम आम जन मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत तथा उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में हाल ही में हुये बेहद खौफनाक-दर्दनाक साम्प्रदायिक दंगों, हिंसक वारदातों, बलात्कारों, आगजनी एवं लूटपाट की घटनाओं की घनघोर शब्दों में निन्दा करते हुये केन्द्र एवं प्रदेश सरकार से इस दंगे की सीबीआई जांच कराये जाने की मांग करते हैं।
भाकपा की इस रैली में शामिल हम हजारों-हजार लोग मुजफ्फरनगर और उसके आस-पास के दंगों में मारे गये स्त्री, पुरूष एवं बच्चों के परिवारीजनों के प्रति हार्दिक वेदना का इजहार करते हुये, उनके प्रति अपनी शोक श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही सैकड़ों घायल जनों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं तथा लगभग एक लाख विस्थापित स्त्री, पुरूष, बच्चे जो शरणार्थी शिविरों में बेहद विषम परिस्थितियों में पनाह लिये हुये हैं, उनके शीघ्र घर वापसी की कामना करते हैं। हम राज्य सरकार से शीघ्र से शीघ्र भय रहित वातावरण बनाने तथा विस्थापितों की भरपूर आर्थिक सहायता कर यथाशीघ्र उनको उनके घरों में पहुंचाने की मांग करते हैं।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की यह विशाल रैली इन साम्प्रदायिक दंगों के लिये जहां एक ओर साम्प्रदायिक भाजपा एवं उसके सभी संगठनों को पूरी तरह दोषी मानती है वहीं विभिन्न पूंजीवादी दलों के नेताओं की दंगों में संलिप्तता को भी रेखांकित करती है।
यह रैली प्रदेश के सत्ताधारी दल एवं उसकी सरकार की नीति और नियत पर सवाल खड़े करते हुये स्पष्टतः इसे शासन-प्रशासन की पूरी तरह विफलता करार देती है।
भाकपा की इस विशाल जन रैली का मानना है कि अपनी साम्प्रदायिक कारगुजारियों और नीतियों के लिए कुख्यात भारतीय जनता पार्टी आगामी लोक सभा चुनावों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना वोट बैंक मजबूत करने की नीति और नीयत के साथ पिछले दिनों से वहां लगातार साम्प्रदायिक वारदातों को अंजाम देती रही है। वोटों के अपने पक्ष में ध्रुवीकरण की मंशा से प्रदेश की शासक पार्टी भी इस खेल को शैतानी ढंग से आगे बढ़ाती रही और उसके नियंत्रण वाला शासन-प्रशासन खामोश तमाशबीन बन कर साम्प्रदायिक दंगों को और भयावह बनाता रहा। विभिन्न क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय पूंजीवादी दलों के स्थानीय नेता धर्मनिरपेक्षता का चोला उतार कर अपने-अपने सम्प्रदायों की मुजरिमाना पंचायतों में शामिल होते रहे जिसके चलते मुजफ्फरनगर दंगा प्रदेश के इतिहास का सबसे भयावह, क्रूर दंगा साबित हुआ।
उत्तर प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी साम्प्रदायिक दंगे में लगभग एक लाख लोग अपना गांव-घर, माल-असबाब छोड़ कर शरणार्थी शिविरों में पनाह लेने के लिये विवश हुये हैं।
भाकपा की यह रैली मृतकों के परिवारीजनों को पर्याप्त मुआवजा एवं उनके पुनर्वास की मांग करती है। यह रैली घायलों का संपूर्ण समुचित इलाज कराने की मांग करती है। यह रैली विस्थापितों के पुनर्वास एवं गुमशुदा लोगों की तलाश की मांग करती है तथा साम्प्रदायिक ताकतों एवं दंगे के दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की मांग करती है। रैली की यह स्पष्ट राय है कि इन दंगों की जांच सीबीआई से कराई जाये।
रैली में शामिल एक-एक साथी संकल्प लेता है कि वह प्रदेश में साम्प्रदायिक एवं अन्य विभाजनकारी ताकतों की काली करतूतों का मुंहतोड़ जवाब देगा और शांति एवं सद्भाव तथा भाई चारा बनाये रखने की हर संभव कोशिश करेगा ताकि प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करने एवं शोषणवादी व्यवस्था को बदलने के संघर्ष को आगे बढ़ाया जा सके।
यह रैली उत्तर प्रदेश की तमाम जनता का भी आह्वान करती है कि वह उत्तर प्रदेश में हर कीमत पर सौहार्द बनाये रखे और विभाजनकारी, दंगाई और निहितस्वार्थी तत्वों की किसी भी साजिश को कामयाब न होने दें।