Showing posts with label सामान्य परिसंघ. Show all posts
Showing posts with label सामान्य परिसंघ. Show all posts

Thursday, 19 May 2016

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए ‘महागठबंधन’ के पक्ष में भाकपा - सुधाकर रेड्डी

भाकपा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह ‘ना सिर्फ कॉरपोरेट के हितों में आर्थिक नीतियां बना रही है बल्कि धार्मिक आधार पर देश को बांटने का प्रयास कर रही है, लोगों के बीच तनाव पैदा कर रही है और उनपर पुराने विचार थोप रही है।’

(भाषा
हैदराबाद | May 17, 2016 05:56 am )

भाकपा ने सोमवार (16 मई) को कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राजग के घटक दलों को सत्ता में आने से रोकने के लिए गैर-भाजपाई दलों का साथ आना ‘ऐतिहासिक अनिवार्यता’ बन गया है। भाकपा के महासचिव सुरावरम सुधाकर रेड्डी ने कहा कि भाजपा-विरोधी दलों का महागठबंधन बनाना संभव है, जैसा कि जदयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बनाया था। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे मोर्चे के गठन की जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वनाथ प्रताप सिंह और एच. डी. देवगौड़ा के तहत बनी तत्कालीन सरकारें सफल’ थीं ‘असफल’ नहीं। रेड्डी ने कहा, ‘हां, कुछ ही समय के लिए (वे गठबंधन सफल थे)। आप कह सकते हैं कि वे स्थाई नहीं थे। उन्हें स्थाई रहना भी नहीं था। वह भाजपा और साम्प्रदायिक ताकतों को सत्ता में आने से रोकने के लिए था। अब फिर से ऐसे स्थिति आ गयी है। इसलिए, यह ऐतिहासिक अनिवार्यता है कि विभिन्न दलों के बीच ऐसी समझ विकसित हो।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि नीतीश कुमार के विचार क्या हैं, लेकिन यह एक मंच बन सकता है, एक सामान्य परिसंघ, लेकिन गैर-भाजपाई या भाजपा विरोधी दलों को साथ आना चाहिए, चुनाव से पहले या फिर चुनाव के बाद। भाजपा को करारी हार देने के लिए उन्हें साथ आना चाहिए।’’ रेड्डी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह ‘ना सिर्फ कॉरपोरेट के हितों में आर्थिक नीतियां बना रही है बल्कि धार्मिक आधार पर देश को बांटने का प्रयास कर रही है, लोगों के बीच तनाव पैदा कर रही है और उनपर पुराने विचार थोप रही है।’ उन्होंने कहा, ‘बहु-धर्म, बहु-संस्कृति और बहु-भाषी देश में वे हिन्दी, हिन्दुत्व जैसी चीजें थोपना चाहते हैं। भारत में ऐसी चीजें संभव नहीं हैं।’
http://www.jansatta.com/national/cpi-favour-grand-alliance-defeat-bjp-in-2019-lok-sabha-poll/95887/