Sunday, 29 December 2013

जो लोग भ्रम फैला रहे हैं उनका पर्दाफ़ाश करें---आनंद सिंह

https://www.facebook.com/notes/anand-singh/

'आम आदमी पार्टी' की चुनावी सफलता पर लट्टू हो रहे साथियों से दो बातें

December 26, 2013 at 9:28pm
'आम आदमी पार्टी' की हालिया चुनावी सफलता से भारतीय मध्‍य वर्ग के अच्‍छे-खासे हिस्‍से में एक नयी उम्‍मीद का संचार हो गया है। मजे की बात तो यह है कि दक्षिणपंथ और वामपंथ दोनों धाराओं की ओर झुकाव रखने वाले तमाम ढुलमुल लोगों को अन्‍तत: एक साफ-सुथरा नायक मिल गया है जिसके दामन पर कोई दाग़ भी नहीं है। प्रतिबद्ध दक्षिणपंथी तो अभी भी फासिस्‍ट मोदी के खून से सने दामन से ही चिपके हुए हैं लेकिन वे ढुलमुल दक्षिणपंथी जो मोदी के खून से रंगे हाथों को छिपाने में शर्म महसूस करते थे, उनके लिए केजरीवाल के रूप में उन्‍हें ऐसा नायक मिला है जो देशभक्ति की बातें भी करता है और जिसका नाम अब तक किसी क़त्‍ले-आम या भ्रष्‍टाचार में नहीं सामने आया है। लेकिन उससे भी मजे की बात तो यह है कि वामपंथियों के ढुलमुल धड़े को भी अन्‍तत: मौजूदा व्‍यवस्‍था में ही आम आदमी की बातें करने वाला और धर्मनिरपेक्षता की पैरोकारी करने वाला नायक मिल गया है जिसकी वजह से वे विचारधारा, जो उन्‍हे पहले ही बोझिल लगती थी, का परित्‍याग कर विचारधाराविहीन सा‍माजिक परिवर्तन का जश्‍न मनाने में तल्‍लीन हो गये हैं। ऐसे लोग इन दिनों भारतीय वामपंथी धारा को समाज में अपनी पैठ न बना पाने पर पानी पी-पी कर कोस रहे हैं और 'आम आदमी पार्टी' से सीखने की नसीहतें दे रहे हैं।

ऐसे तमाम ढुलमुल और अप्रतिबद्ध साथियों से मेरा आग्रह है कि वे मीडिया की 'हाइप' के आधार पर नायकों को चुनने की बजाय भारतीय समाज के इतिहास और मौजूदा परिस्थिति का संजीदगी से विश्‍लेषण करके ही कोई राय बनायें क्‍योंकि पूंजी के दम पर टिकी मीडिया के अस्तित्‍व की शर्त ही यही है कि वह आये दिन नायकों को निर्माण करे, पुराने नायक का ब्राण्‍ड जब घिस जाये तो नये नायक का ब्राण्‍ड सामने लाये। क्‍या आपको याद नहीं कि अभी ज्‍़यादा दिन नहीं हुए जब उप्र विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव को मीडिया ने एक नायक की तरह उभारा था। उससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पूरा मीडिया ममता बनर्जी के गुणगान में लगा था। अब ये ब्राण्‍ड पिट चुके हैं। पिछले कुछ महीनों से मोदी ब्राण्‍ड तमाम कॉरपोरेट संचालित मीडिया में जीवन संचार का काम कर रहा है इससे तो तो आप वाकिफ़ ही हैं। लेकिन इसी बीच 'आम आदमी पार्टी' की जीत के बाद उन्‍हें नायक का एक नया ब्राण्‍ड मिला है जिसमें एक बंबइया फिल्‍म के नायक में होने वाले गुण भी हैं और वह साफ सुथरी छवि का भी है जिसको समर्थन देने में धर्मनिरपेक्षता में यकीन रखने वाले (या फिर ऐसा दिखावा करने वाले) मध्‍यवर्ग को कोई दिक्‍कत नहीं होगी। इसलिए अब मार्केट में नायकों के दो तगड़े ब्रांड आ चुके हैं। और हमें इनमें से अपना नायक चुनने के लिए कहा जा रहा है।

शायद आप में से कुछ लोग यह कहेंगे कि आप मीडिया की 'हाइप' की वजह से नहीं बल्कि 'आम आदमी पार्टी' की ऐतिहासिक जीत की वजह से उसका समर्थन कर रहे हैं। चलिये देखते हैं कि इस पार्टी की जीत कितनी ऐतिहासिक है। यह जीत का निश्चित रूप से एक नई पार्टी के लिए यह एक बड़ी जीत है, परन्‍तु ऐसा भारतीय पूंजीवादी राजनीति के इतिहास में पहली बार तो नहीं हुआ है। अगर आज़ाद भारत के इतिहास पर एक सरसरी निगाह भर दौड़ा ली जाये तो हमें पता चलेगा कि जब जनता का भरोसा लूट-खसोट और भ्रष्‍टाचार पर टिकी इस पूंजीवादी व्‍यवस्‍था से उठने लगता है तब व्‍यवस्‍था के भीतर से ही व्‍यवस्‍था-परिवर्तन की बात करने वाले किस्‍म-किस्‍म के मदारी अपना चुनावी डमरू बजाते हुए कांग्रेस का विकल्‍प प्रस्‍तुत करने के नाम पर जनता को गुमराह करते हैं, उसे असली मुद्दों से भटकाते हैं और उसके गुस्‍से पर ठंडा पानी डालते हुए जनता को यकीन दिलाते हैं कि दिक्‍कत व्‍यवस्‍था में नहीं बल्कि एक पार्टी विशेष या नेता विशेष में है। अगर चुनावी जीत को ही ऐतिहासिकता का पैमाना बनाया जाय तो  'आम आदमी पार्टी' ने जो इतिहास रचा है उससे कहीं बड़े इतिहास इस देश में रचे जा चुके हैं। इस पैमाने से चलें तो जयप्रकाश नरायण, एनटी रामाराव, वीपीसिंह और यहां तक कि आडवाणी, लालू, मुलायम, मायावती सभी ने इतिहास रचा जो केजरीवाल की तुलना में कहीं बड़ा था। ऐसे इतिहासों से किस किस्‍म की व्‍यवस्‍था बनती है वह हम सबके सामने है।

शायद आपमें से कुछ लोग कहेंगे कि आप सिर्फ जीत से ही नहीं बल्कि 'आम आदमी पार्टी' की नीतियों की वजह से उसका समर्थन कर रहे हैं। चलिये इस पार्टी की नीतियों पर भी बात कर ली जाय। पिछले कुछ वर्षों में जो घपले-घोटाले सामने आये उनसे अब साफ़ जाहिर हो चुका है कि इस देश में विकास के नाम पर एक बेतहाशा लूट मची हुई है। बड़े-बड़े पूंजीपति घराने इस देश की अकूत प्राकृतिक सम्‍पदा और श्रमशक्ति का शोषण करके अपनी तिजोरियां भर रहे हैं और देश की आम मेहनकश जनता शोषण की चक्‍की मे पिसती हुई नरक जैसी जिन्‍दगी बिताने को मज़बूर है। ग़रीबी, भुखमरी, कुपोषण के मामले में भारत का रिकार्ड तमाम सब सहारन अफ्रीकी देशों से भी आगे है और वहीं दूसरी ओर धनकुबेरों की संख्‍या में भी  कीर्तिमान बनाये हैं।  इस घनघोर अन्‍याय का एक द्वितीयक पहलू यह भी है कि इस बेतहाशा लूट का एक छोटा सा टुकड़ा (जो 'आइसबर्ग के टिप' के समान है) पूंजीपति वर्ग अपने चाकरों यानी नेताओं और नौकरशाहों को घूस और कमीशन के रूप में देता है जिसको भ्रष्‍टाचार का नाम दिया जाता है। इस परिदृश्‍य में 'आम आदमी पार्टी', जो इन घोटालों के बाद उभर कर आयी, किस प्रकार का समाधान प्रस्‍तुत कर रही हैं? यह पार्टी मुख्‍य लूट यानी प्राकृतिक संसाधनों और श्रम शक्ति की अंधी पूंजीवादी लूट (जो कानून के दायरे में होती है) के बारे में तो चुप्‍पी साधे रहती है लेकिन द्वितीयक लूट यानी भ्रष्‍टाचार पर बहुत चिल्‍ल पों मचाती है। इससे क्‍या साबित होता है? वास्‍तव में इस पार्टी को इस मुख्‍य पूंजीवादी लूट से कोई दिक्‍कत नहीं है बशर्ते कि वह लूट के नियमों (यानी कानून) के दायरे में हो। बेशक हर इंसाफ़पसन्‍द व्‍यक्ति चाहेगा कि भ्रष्‍टाचार ख़त्‍म हो परन्‍तु उसके लिए भी हमें उसकी जड़ (यानी लोभ-लालच और निजी संपत्ति पर टिकी पूंजीवादी व्‍यवस्‍था) पर प्रहार करना होगा। परन्‍तु यह पार्टी जड़ों पर प्रहार करने की बजाय फुनगियों को कतरने को ही व्‍यवस्‍था परिवर्तन का नाम देती है। इस प्रक्रिया में यह जनता में एक झूठी उम्‍मीद भी पैदा कर रही है जो अन्‍तत: निराशा ही पैदा करती है और राजनीतिक स्‍तर पर फासीवाद की ही जमीन तैयार करती है। यह पार्टी दरअसल इसी व्‍यवस्‍था द्वारा पैदा किये गये तमाम सेफ्टी वाल्‍व और स्‍पीड ब्रेकरों में से एक है। यह जनता के बीच इस भ्रम का कुहरा फैला रही है कि एक भ्रष्‍टाचार रहित संत-पूंजीवाद संभव है।

शायद आपमें से कुछ लोग कहेंगे कि और कोई विकल्‍प ही नहीं है। आखिर किया क्‍या जाये? अगर आप व्‍यवस्‍था परिवर्तन को 'टवेंटी टवेंटी' मैच या 'फास्‍टफूड' जैसा नहीं समझते और तो आप मानेंगे कि विकल्‍प आसमान से नहीं टपकते, बल्कि उन्‍हें सचेतन प्रयासों से गढ़ना पड़ता है। इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता कि इस देश में क्रांतिकारी ताकतें तमाम शहादतों और कुर्बानियों के बावजूद अपनी विचारधारात्‍मक कमज़ोरी और दूसरे देशों की क्रान्तियों का अंधानुकरण करने की प्रवृत्ति की वजह से इतिहास के मौजूदा दौर में बिखराव और भटकाव का शिकार हैं। लेकिन हमें  यह भी जानना होगा कि ऐसे ही गतिरोध की स्थिति को तोड़ने के लिए ही शहीदे आज़म भगतसिंह ने क्रान्ति की 'स्पिरिट' ताज़ा करके इंसानियत की रूह में हरकत करने की बात कही थी। हमें अपने हठी मताग्रहों और संकीर्णताओं को त्‍याग कर साहसिक तरीके से क्रान्ति के विज्ञान को आत्‍मसात करना होगा। हमें  कल-कारखानों , खेत खलिहानों , गंदी बस्तियों में क्रान्ति का संदेश ले जाकर आम मेहनतकश जनता को एकजुट, लामबंद और संगठित करना होगा। मौजूदा व्‍यवस्‍था द्वारा फैलाई जा रही मानवद्रोही संस्‍कृति के बरक्‍स हमें एक वैज्ञानिक तथा मानवीय सोच से लैस नयी पीढ़ी को भी तैयार करने के भगीरथ प्रयास में जी जान से जुटना होगा। शायद आप कहेंगे कि यह तो बहुत मुश्किल और लंबा काम है। लेकिन साथी , धर्म-अंधविश्‍वास की जकड़न में फंसे एक पिछडे हुए पूंजीवादी देश में क्रान्तिकारी विकल्‍प खड़ा करने का कोई आसान और शार्टकट तरीका तो है ही नहीं। इसके लिए उबड़-खाबड़, पथरीली, लंबी और साहसिक यात्राओं से तो गुज़रना ही होगा। शायद आप में से कुछ लोग कहेंगे कि यह आपके बस की बात नहीं। लेकिन आप इतना तो कर ही सकते हैं कि अपने आप अपनी इस कमज़ोरी को छिपाने के लिए समाज में किसी भ्रम को (मसलन 'आम आदमी पार्टी' के द्वारा फैलाये जाने वाले ईमानदार पूंजीवाद के भ्रम को) न बढ़ावा दें। और साथ ही साथ जो लोग भ्रम फैला रहे हैं उनका पर्दाफ़ाश करें।

Saturday, 28 December 2013

वाम से आप बन जाने का आग्रह भी कम दिलचस्प नहीं है--- धीरेश सैनी



December 24 at 10:28am · Edited
https://www.facebook.com/dheeresh.saini/posts/590603941005459
केजरीवाल लिमिटेड का किस्सा कई मायनों में दिलचस्प है। अरुंधति और कई अन्य विश्लेषकों ने इस बात को शुरू में ही भांप लिया था कि अन्ना की डोर किसके हाथ में है और केजरीवाल की महत्वकांक्षाएं इस डोर से बंधी नहीं रह सकती हैं। भ्रष्टाचार के मूल स्रोत कॉरपोरेट पर अन्ना एंड केजरीवाल की खामोशी के अर्थ भी बताए गए थे। लेकिन अन्ना और उनकी डोर थाम रही ताकत शुरू में केजरीवाल को समझने में गच्चा खा गई। बाद में संघ संभला और उसके शावकों ने अपने हर तरीके से हमले शुरू भी किए लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। हालांकि, उनके इन अभियानों ने इतना जरूर किया कि केजरीवाल लिमिटेड पूर्ण बहुमत से जरा दूर रह गई। कांग्रेस को अपनी हार का गुमान तो था लेकिन उसे दिल्ली असेंबली चुनाव में केजरीवाल के इतनी बड़ी ताकत बनकर उभर आने का अहसास तो कतई नहीं था। मीडिया की दुविधा भी दोहरी रही। `मेकिंग ऑफ केजरीवाल` में मीडिया की भूमिका बहुत बड़ी थी लेकिन अब यह कहना मुश्किल है कि मीडिया ने केजरीवाल को यूज किया या केजरीवाल ने मीडिया को। क्योंकि मीडिया की बड़ी प्रतिबद्धता इन दिनों मोदी से भी है और जब तक केजरीवाल सिर्फ कांग्रेस की नैया डुबो रहे थे, तब तक ठीक था लेकिन जैसे ही दिल्ली में मोदी कंपनी का जहाज डगमगाया तो मीडिया के लिए दुविधा बढ़ गई। नतीजों के बाद मीडिया बीजेपी को नहीं ललकार रहा था बल्कि केजरीवाल को ही जिम्मेदारी से न भागने की नसीहत दे रहा था। कांग्रेस की हालत जूते और प्याज दोनों खाने वाली कहानी जैसी है। लेकिन बीजेपी और कांग्रेस दोनों के ही नेताओं के बयान भी दिलचस्प और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। वे कह रहे हैं कि केजरीवाल सरकार बनाएं और फिर बिजली-पानी और दूसरे लोकलुभावन वादे पूरा करके दिखाएं। मतलब, उन्हें जनता को जरूरी सुविधाएं न मिल पाने का पूरा यकीन है और उनकी यही इच्छा है। दोनों को लगता है कि इस तरह केजरीवाल औंधे मुंह गिरेंगे। क्या होगा, कौन जानता है लेकिन जिस व्यवस्था में जनता को उसका निरीह अधिकार मिलना दूभर कर दिया गया है, अगर वहां मामूली अधिकार भी कुछ समय के लिए मुहैया करा दिए जाएं तो बड़ा आश्चर्य मान लिया जाता है। लोकसभा चुनाव से पहले केजरीवाल अगर इस तरह के लोकलुभावन कामों की झड़ी लगा दें और इस बीच उनकी सरकार गिरा भी दी जाए तो नुकसान कांग्रेस को ही होगा। तब केजरीवाल को तो फायदा ही फायदा होगा। वैसे भी जनता को तात्कालिक लाभ देने के लिए जरूरी नहीं कि कंपनियों की लूट पर अंकुश लगाना जरूरी हो। गन्ना मिल मालिकों को हरामखोरी से बाज आने के लिए बाध्य करने के बजाय केंद्र सरकार ने उन्हें बड़े पैकेज मुहैया करा दिए। मतलब जनता का और पैसा उन्हें थमा दिया गया। यानी मियां की जूती, मियां के सिर। कहने का मतलब यह कि भयंकर लूट की इस व्यवस्था में अगर थोड़ा भी इधर-उधर कर लिया जाए तो जनता को तात्कालिक रूप से खुश किया जा सकता है। केजरीवाल लि. इस खेल को कितना साध पाती है, यह आने वाला समय बताएगा? प्रोग्रेसिव ताकतों की हालत भी अजब है। ।एक क्रांतिकारी संगठन तो अन्ना की जय-जयकार में इतना आगे था कि इस प्रायोजति आंदोलन पर कुछ तार्किक सवाल उठा देने भर से अरुंधति पर सरकंडे के तीर बरसाने में जुट गया था फेसबुक पर प्रो. आशुतोष इसकी अगुआई कर रहे थे। सामाजिक न्याय के विमर्शकार योगेंद्र यादव तो आरक्षण विरोध के हीरो रहे केजरीवाल के विमर्शकार ही बन बैठे। लेकिन, सीपीआई और सीपीआईएम में आस्था रखने वाले लोगों ने भी केजरीवाल को वोट नहीं किए हैं, यह कहना गलत होगा। आखिर वाम पार्टियों को दिल्ली में मिले वोट उनकी पार्टी सदस्यता और विभिन्न सहयोगी संगठनों की सदस्यता संख्या जितने तो होनी ही चाहिए थे। बहुत से बुद्धिजीवी तो आप पार्टी से वाम को कुछ बौद्धिक खुराक लेने की नसीहतें भी दे रहे हैं। वे यह तो जानते ही होंगे कि वाम की संशोधनवादी से संशोधनवादी पार्टी भी आर्थिक और सामाजिक-साम्प्रदायिक मसलों पर वैसी चुप्पी या पलटी नहीं साध सकती जैसी कि केजरीवाल लि. साध सकती है। वाम पार्टियों के दिल्ली तक के बड़े से बड़े आंदोलनों-रैलियों के लिए उस मीडिया में कोई जगह नहीं होती है, जिसमें केजरीवाल और अन्ना के आंदोलन बाकायदा प्रायोजित किए जाते थे। इन बुद्धिजीवियों का वाम से आप बन जाने का आग्रह भी कम दिलचस्प नहीं है।*

==========================
 *धीरेश सैनी जी का कथन सत्य है:
 देशी-विदेशी कारपोरेट घरानों के हितों में चलाये जा रहे NGOS के बलबूते बनी 'आप' पार्टी कैसे बामपंथ की नीतियों के सहारे चलने वाली बताई गई है?क्या बामपंथ ने कारपोरेट हितों के पक्ष में अपनी नीतियों को परिवर्तित कर लिया है?
 यह फोटो जो कह रहा है क्या CPI की अधिकृत नीति अब 'आप' को समर्थन देने की है?:
'आप ' के संबंध में CPM नेता के विचार ये हैं:
https://www.facebook.com/shriram.tiwari1/posts/686707368028027
 यह दृष्टिकोण यथार्थ का वास्तविक चित्रण है अतः जो वामपंथी 'आप'की वकालत कर रहे हैं वे निश्चय ही निजी स्वार्थों के वशीभूत होकर ही कर रहे हैं न कि 'जनहित'में।
(विजय राजबली माथुर)

Thursday, 26 December 2013

हमारा सफर और वर्तमान -भाकपा के स्थापना दिवस पर ---विजय राजबली माथुर

हमारा सफर :



भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी :

इस दल की स्थापना तो 1924 ई में विदेश में हुई थी। किन्तु 25 दिसंबर 1925 ई को कानपुर में एक सम्मेलन बुलाया गया था जिसके स्वागताध्यक्ष  गणेश शंकर विद्यार्थी जी थे। 26 दिसंबर 1925 ई  को एक प्रस्ताव पास करके  'भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी' की स्थापना की विधिवत घोषणा की गई थी। 1931 ई में इसके संविधान का प्रारूप तैयार किया गया था किन्तु उसे 1943 ई में पार्टी कांग्रेस के खुले अधिवेन्शन में स्वीकार किया जा सका क्योंकि तब तक ब्रिटिश सरकार ने इसे 'अवैध'घोषित कर रखा था और इसके कार्यकर्ता 'कांग्रेस' में रह कर अपनी गतिविधियेँ चलाते थे। 

वस्तुतः क्रांतिकारी कांग्रेसी ही इस दल के संस्थापक थे। 1857 ई की क्रांति के विफल होने व निर्ममता पूर्वक कुचल दिये जाने के बाद स्वाधीनता संघर्ष चलाने हेतु स्वामी दयानन्द सरस्वती (जो उस क्रांति में सक्रिय भाग ले चुके थे)ने 07 अप्रैल 1875 ई (चैत्र शुक्ल  प्रतिपदा-नव संवत्सर)को 'आर्यसमाज' की स्थापना की थी। इसकी शाखाएँ शुरू-शुरू में ब्रिटिश छावनी वाले शहरों में ही खोली गईं थीं। ब्रिटिश सरकार उनको क्रांतिकारी सन्यासी (REVOLUTIONARY SAINT) मानती थी। उनके आंदोलन को विफल करने हेतु वाईस राय लार्ड डफरिन के आशीर्वाद से एक रिटायर्ड ICS एलेन आकटावियन (A.O.)हयूम ने 1885 ई में वोमेश चंद (W.C.) बैनर्जी की अध्यक्षता में 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' की स्थापना करवाई जिसका उद्देश्य ब्रिटिश साम्राज्यवाद की रक्षा करना था। दादा भाई नैरोजी तब कहा करते थे -''हम नस-नस में राज-भक्त हैं''। 

स्वामी दयानन्द के निर्देश पर आर्यसमाजी कांग्रेस में शामिल हो गए और उसे स्वाधीनता संघर्ष की ओर मोड दिया। 'कांग्रेस का इतिहास' में डॉ पट्टाभि सीता रमइय्या ने लिखा है कि गांधी जी के सत्याग्रह में जेल जाने वाले कांग्रेसियों में 85 प्रतिशत आर्यसमाजी थे। अतः ब्रिटिश सरकार ने 1906 में 'मुस्लिम लीग'फिर 1916 में 'हिंदूमहासभा' का गठन भारत में सांप्रदायिक विभाजन कराने हेतु करवाया। किन्तु आर्यसमाजियों व गांधी जी के प्रभाव से सफलता नहीं मिल सकी। तदुपरान्त कांग्रेसी डॉ हेद्गेवार तथा क्रांतिकारी विनायक दामोदर सावरकर को ब्रिटिश सरकार ने अपनी ओर मिला कर RSS की स्थापना करवाई जो मुस्लिम लीग के समानान्तर सांप्रदायिक वैमनस्य भड़काने में सफल रहा। 

इन परिस्थितियों में कांग्रेस  में रह कर क्रांतिकारी आंदोलन चलाने वालों को एक क्रांतिकारी पार्टी की स्थापना की आवश्यकता महसूस हुई जिसका प्रतिफल 'भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी'के रूप में सामने आया। ब्रिटिश दासता के काल में इस दल के कुछ कार्यकर्ता पार्टी के निर्देश पर  कांग्रेस में रह कर स्वाधीनता संघर्ष में सक्रिय भाग लेते थे तो कुछ क्रांतिकारी गतिविधियों में भी संलग्न रहे। उद्देश्य ब्रिटिश साम्राज्यवाद से देश को मुक्त कराना था। किन्तु 1951-52 के आम निर्वाचनों से पूर्व इस दल ने संसदीय लोकतन्त्र की व्यवस्था को अपना लिया था। इन चुनावों में 04.4 प्रतिशत मत पा कर इसने लोकसभा में 23 स्थान प्राप्त किए और मुख्य विपक्षी दल बना। दूसरे आम चुनावों में 1957 में केरल में बहुमत प्राप्त करके इसने सरकार बनाई और विश्व की पहली निर्वाचित कम्युनिस्ट सरकार बनाने का गौरव प्राप्त किया। 1957 व 1962 में लोकसभा में साम्यवादी दल के 27 सदस्य थे। 


आलोचना :

डॉ  परमात्मा शरण (पूर्व अध्यक्ष,राजनीतिशास्त्र विभाग एवं प्राचार्य,मेरठ कालेज,मेरठ) ने अपनी पुस्तक में जवाहर लाल नेहरू के एक भाषण के हवाले से इस दल की निम्न वत आलोचना की है---

*साधारण व्यक्तियों के लिए इसके सिद्धांतों को समझना कठिन है तथा दल ने अपनी नीति का निर्धारण देश की परिस्थितियों के अनुकूल नहीं किया है।  

**इसके सिद्धांतों व कार्यकर्ताओं के विचारों में 'धर्म' का कोई महत्व नहीं है,किन्तु अभी तक अधिकांश भारतवासी धर्म को महत्व देते हैं। 
***इसके तरीके भारतीयों को अधिक पसंद नहीं हैं क्योंकि यह हिंसात्मक व विनाशकारी कार्यों में विश्वास रखता है। 
****चीन की आपत्तीजनक कार्यवाहियों के कारण साम्यवादी दल की लोकप्रियता को बड़ा धक्का लगा है। 
*****1964 में वामपंथी,साम्यवादी दल से अलग हो गए हैं, उनका रुख भारत-चीन विवाद के संबंध में राष्ट्रीय हितों के विरुद्ध कहा जा सकता है। लेकिन जनता इस दल और उस दल में विभेद नहीं कर पाती है। 

 दल का कार्यक्रम :

प्रथम आम चुनावों के अवसर पर दल के घोषणा-पत्र में कहा गया था :
कांग्रेस नेताओं ने हमारी स्वतन्त्रता प्राप्त नहीं की है,उसने हमारे स्वातंत्र्य संघर्ष को धोखा दिया है और उसने विदेशियों व प्रतिगामी सन्निहित हितों (Vested intrests) को पूर्ववत जनता को लूटने खसोटने का अवसर दिया है। कांग्रेसी स्वयं लूट-खसोट में सम्मिलित हो गए हैं। कांग्रेस सरकार ने राष्ट्र को धोखा दिया है। यह तो जमींदारों,एकाधिकार प्राप्त व्यक्तियों की सरकार है और भ्रष्टाचार व घूसख़ोरी कांग्रेस शासन के मुख्य चिह्न हो गए हैं। सरकार ने लाठियों और गोलियों व दमनकारी क़ानूनों का प्रयोग किया है। सरकार की नीति शांति की नहीं वरन 'आंग्ल -अमरीकी साम्राज्यवादियों' का समर्थन करने वाली रही है। 

*नेहरू सरकार हटा कर देश में लोकतंत्रात्मक शासन स्थापित किया जाएगा। किसानों और मजदूरों के प्रतिनिधियों का शासन स्थापित किया जाएगा। 
*दल ब्रिटिश साम्राज्य से संबंध-विच्छेद करेगा,किसानों को ऋण भार से मुक्त करेगा,सभी भूमि और कृषि साधनों को किसानों को बिना प्रतिकर दिलाएगा। 
*यह राष्ट्रीयकृत पूंजी द्वारा देश के उद्योगों का विकास करेगा,जिसमें वह निजी पूँजीपतियों को उचित लाभ और मजदूरों को जीवन वेतन का आश्वासन देकर उनका सहयोग प्राप्त करेगा। 
*दल देश में एक राष्ट्रीय सेना की रचना करेगा और पुलिस के स्थान पर जनता का नैतिक दल संगठित करेगा। 
*प्रान्तों के पुनर्गठन व रियासतों के निर्मूलन द्वारा राष्ट्रीय राज्यों का निर्माण,
*अल्प-संख्यकों के हितों और अधिकारों का संरक्षण,
*सभी सामाजिक और आर्थिक अयोग्यताओं का अंत,नि:शुल्क और अनिवार्य प्रारम्भिक शिक्षा,  
*सभी देशों से व्यापारिक और आर्थिक सम्बन्धों की स्थापना,
*विश्व की सभी बड़ी शक्तियों में शांति के लिए समझौता कराना आदि  बातें इसके कार्यक्रम में सम्मिलित थी।   

1958 ई में अमृतसर में साम्यवादी दल की असाधारण कांग्रेस हुई थी उसमें प्रमुख रूप से ये प्रस्ताव पास हुये थे:
*विश्व में शांति चाहने वाली शक्तियों-राष्ट्रीय स्वाधीनता व समाजवाद की प्रगति हो रही है;
*देश में लोकतंत्रात्मक आंदोलन की प्रगति हुई है,जैसा कि केरल तथा अनेक औद्योगिक निर्वाचन क्षेत्रों में हुये चुनावों के परिणामों से स्पष्ट है,कई राज्यों में कांग्रेस कमजोर पड़ी है;
*योजना की पूर्ती में बड़े व्यवसाय संयुक्त राज्य अमरीका पर अधिक निर्भर होते जा रहे हैं,जिसे दल उचित नहीं मानता;
*दल साम्यवाद के आदर्शों के प्रचार और शिक्षा प्रसार को अधिक मानता है (Importance of sustained,systematic and all sided ideological struggle by the Communist Party,a struggle conducted on the basis of the principles of Marxism,Leninism and proletarian internationalism)
*इन उद्देश्यों की पूर्ती के लिए साम्यवादी दल के संगठन में सर्वसाधारण जनता अधिक से अधिक भाग ले इस हेतु दल को कार्य करना चाहिए (communist Party as a mass political force,a party which will unite and rally the popular masses by its initiatve in every sphere of national life);
*दल दो वर्ष पूर्व हुई कांग्रेस के कार्यक्रम को फिर से दोहराता है,किन्तु इन महत्वपूर्ण प्रश्नों पर तत्काल राष्ट्रीय अभियानों (National Champaigns) की आवश्यकता पर बल देता है---

(अ)अमरीकी पूंजी का भारत में लगाए जाने का विरोध,
(इ)बड़े बैंकों,खाद्यानों में थोक व्यापार का राष्ट्रीयकरण,राजकीय व्यापार का विस्तार,
(ई )भूमि और किसानों संबंधी नीति में महत्वपूर्ण सुधार,
(उ )लोकतंत्रात्मक अधिकारों व नागरिक स्वतंत्रताओं  की रक्षा और विस्तार ,
(ऊ )भ्रष्टाचार का विरोध,
(ए )जातिवाद,संप्रदायवाद और अस्पृश्यता का विरोध इत्यादि। 

इन उद्देश्यों की पूर्ती के लिए दल को किसान सभाएं कायम करनी चाहिए और संयुक्त मोर्चे (United Front) को सुदृढ़ करना चाहिए। 

1925 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना से ब्रिटिश सरकार हिल गई थी अतः उसकी चालों के परिणाम स्वरूप 'कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी' की स्थापना डॉ राम मनोहर लोहिया,आचार्य नरेंद्र देव आदि द्वारा की गई। इस दल का उद्देश्य भाकपा की गतिविधियों को बाधित करना तथा जनता को इससे दूर करना था। इस दल ने धर्म का विरोधी,तानाशाही आदि का समर्थक कह कर जनता को दिग्भ्रमित किया। जयप्रकाश नारायण ने तो एक खुले पत्र द्वारा  'हंगरी' के प्रश्न पर साम्यवादी नेताओं से जवाब भी मांगा था  जिसके उत्तर में तत्कालीन महामंत्री कामरेड अजय घोष ने कहा था कि वे स्वतन्त्रता को अधिक पसंद करते हैं किन्तु उन्होने विश्व समाजवाद के हित में सोवियत संघ की कार्यवाही को उचित बताया।  


वर्तमान परिस्थिति : 

 भाकपा स्थापना दिवस की पूर्व वेला में 25 दिसंबर 2013 को  22-क़ैसर बाग,लखनऊ में भाकपा ज़िला काउंसिल के तत्वावधान में एक विचार गोष्ठी का आयोजन'हमारा सफर और वर्तमान परिस्थिति'विषय पर किया गया जिसका संचालन प्रदेश कार्य समिति के एक सदस्य द्वारा किया गया। प्रवर्तन IPTA के प्रदेश महासचिव कामरेड राकेश ने किया तथा कामरेड शकील सिद्दीकी एवं साहित्यकार वीरेंद्र यादव जी ने भी संबोधित किया। बाराबंकी के सह-जिलामंत्री,हाई कोर्ट के वकील और प्रदेश सचिव अन्य वक्ताओं में थे। लखनऊ ज़िला काउंसिल की ओर से एकमात्र वक्ता के रूप में जिला मंत्री को  मात्र धन्यवाद ज्ञापन का अवसर दिया गया। 

अध्यक्षीय सम्बोधन में कामरेड एस पी सिंह ने नए-नए लोगों को विचार-धारा के आधार पर पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उनका सुदृढ़ अभिमत था कि 'कम्यूनिज़्म' एक विचार धारा है और जब तक इसका प्रसार-प्रचार नहीं होगा तब तक लोग हमसे नहीं जुड़ेंगे। उनकेअनुसार पहले पार्टी संघर्ष-शील थी। 1978 में हुये विकलांगों के एक प्रदर्शन में उन पर भी लाठी चार्ज हुआ था और कामरेड अतुल अनजान,राकेश जी एवं लोहित जी उनके संघर्ष में शामिल हुये थे।

डॉ परमात्मा शरण द्वारा की गई आलोचना कि  'धर्म' का विरोध करने के कारण भाकपा जनता में लोकप्रिय न हो सकी तथा वक्ताओं द्वारा उठाए वर्णाश्रम व्यवस्था/जातिवाद को बाधक तत्व बताना इस पार्टी के संकुचन के कारण होते हैं। 

इस संबंध में मेरा विचार है कि 'लकीर के फकीर' बन कर चलना ही पार्टी के पिछड़ने का कारण है। हालांकि 'अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता' फिर भी 'एकला चलो रे' की तर्ज पर मैं अपने ब्लाग 'क्रांतिस्वर'

के माध्यम इन बाधक तत्वों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से स्पष्ट करता रहा हूँ।

'धर्म'=जो शरीर को धरण करने के लिए आवश्यक है जैसे-'सत्य','अहिंसा','अस्तेय','अपरिग्रह'और 'ब्रह्मचर्य'।
(क्या मार्क्स ने इन सद्गुणों को अफीम बताया है?जी नहीं मार्क्स ने उस समय यूरोप मे प्रचलित 'ईसाई पाखंडवाद'को अफीम कह कर उसका विरोध किया था। पाखंडवाद चाहे ईसाइयत का हो,इस्लाम का हो या तथाकथित हिन्दुत्व का उन सब का प्रबल विरोध करना ही चाहिए परंतु 'विकल्प' भी तो देते चलिये। )

'भगवान'=भ (भूमि)+ग (गगन-आकाश)+व (वायु-हवा)+I(अनल-अग्नि)+न (नीर-जल) का समन्वय।

'खुदा'=चूंकि ये पाँच तत्व खुद ही बने हैं इन्हे किसी ने बनाया नहीं है इसलिए इन्हे खुदा भी कहते हैं।

GOD=G(जेनेरेट)+O(आपरेट)+D(देसट्राय)। 'भगवान' या 'खुदा' सम्पूर्ण सृष्टि का सृजन,पालन और 'संहार' भी करते हैं इसलिए इन्हें GOD भी कहा जाता है।

क्या मार्क्स ने प्रकृति के इन पाँच तत्वों को अफीम कहा था?'साम्यवाद' को संकुचित करने वाले वीर-विद्वान क्या जवाब देंगे?  


देवता=जो देता है और लेता नहीं है जैसे-वृक्ष ,नदी,समुद्र,वायु,अग्नि,आकाश,ग्रह-नक्षत्र आदि न कि कोई व्यक्ति विशेष। क्या मार्क्स ने प्रकृति प्रदत्त इन उपादानों का कहीं भी विरोध किया है?'साम्यवाद' के नाम पर साम्यवाद का अवमूल्यन करने वाले दिग्गज विद्वान क्या जवाब देंगे?


 गोष्ठी में वक्ताओं और प्रदेश सचिव ने भी 'आप' की सफलता का ज़िक्र किया था। मैं अपने आंकलन देता रहा हूँ-



'रत्ना सिंह'जी ने वाजिब प्रश्न किया है कि 'CPI और अन्य वाम  दल क्यों नहीं कर पाते यह एक गहरे आत्म-मंथन का विषय है'।

 वस्तुतः निम्नांकित फोटो द्वारा प्रदेश के एक वरिष्ठ नेता द्वारा राष्ट्रीय नेताओं के विरुद्ध की गई  टिप्पणियाँ कुछ प्रकाश डाल देंगी। इन्हीं के एक दूसरे जाति-बंधु  कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न और टांग-खिंचाई करके पार्टी को आगे नहीं बढ्ने देना चाहते हैं। जिस प्रदेश से कभी सर्व कामरेड मोहानी,इशहाक संभली,ज़ेड ए अहमद भीखा लाल,ऊदल,सरजू पांडे,जंग बहादुर,झारखण्डे राय,रुस्तम सैटिन  आदि ने पार्टी को बुलंदियों पर पहुंचाया था और जिस प्रदेश के लाल बहादुर शास्त्री,राम मनोहर लोहिया,नरेंद्र देव आदि नेता जनता के बीच भाकपा की आलोचना धर्म के नाम पर करने में कामयाब रहे हैं उसी प्रदेश के पार्टी नेता अब खुद ही अपनी पार्टी की बढ़त को रोक रहे हैं। यही है वर्तमान परिस्थिति जिसे बदले और सुधारे बिना पार्टी को जन-प्रिय नहीं बनाया जा सकता है।









 छिप कर अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं पर किए गए इनके प्रहार को ब्लाग द्वारा सार्वजनिक करने पर :

राष्ट्रीय हितों से ऊपर अपने निजी हितों को साधने वाले ये लोग कार्यकर्ताओं के प्रति किस हद तक क्रूर हो सकते हैं इसका एक नमूना इस लिंक पर मिल जाएगा ---

https://www.facebook.com/photo.php?fbid=517718558336136&set=a.423703111071015.1073741825.100002939890884&type=1


  ~विजय राजबली माथुर ©

Sunday, 22 December 2013

वाम दलों का कांग्रेस को समर्थन नहीं:---अतुल कुमार अनजान

https://www.facebook.com/atul.anjaan.9/posts/3793208564589




एक प्रसिद्ध वामपंथी नेता (मैं नाम नहीं लूंगा) ने कहा था कि ‘जब दूसरे दल गलती करते हैं तो जनता उस दल को सजा देती है लेकिन जब कांग्रेस गलती करती है, तब देश सजा पाता है।’ यह कहते हुए ही वे वरिष्ठ नेता 2000 में कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को सम्बोधित करते हुए हार्ट अटैक के शिकार हुए और काल के गाल में समा गए। साल 1991 के बाद से गुलामी दर गुलामी का जाल बुनने, लोगों को लुटने व लुटाने, आत्महत्या करने पर मजबूर करने वाली नव- उदारवादी जिस आर्थिक नीति को कांग्रेस पार्टी लेकर चली है और जिसे सोनिया-मनमोहन की टीम ने परवान चढ़ाकर लोगों के गर्दन पर बेतहाशा संगीन हमले किये, उसने तीन लाख से अधिक किसानों को आत्महत्या करने पर ही मजबूर नहीं किया वरन् लाखों लोगों को सोते हुए हृदयाघात देकर प्राण पखेरू छीन लिये। बारम्बार लुढ़कते-डूबते सूचकांक से मध्यम वर्ग की पूंजी लुट जाने के कारण वे हमेशा के लिए लम्बी नींद में चले गए।

‘मिलने पर हॉय, जुदा होने पर बॉय’:

शायद ये सब कांग्रेस समझ न पाये क्योंकि कांग्रेस में नये नेताओं की जो कुलांच भरती हुई टीम खड़ी हुई है, वह संवेदनाओं को समझ ही नहीं सकती। उन्होंने युवा होने का मतलब बताया है कि ‘रात गई बात गई’। उन्होंने एक नया मंत्र बताया है कि उत्तर आधुनिकता का अर्थ है ‘मिलने पर हॉय, जुदा होने पर बॉय’। पश्चिम की संस्कृति और हमारी संकीर्णता के दौर से पैदा फूहड़पन न हमें आधुनिक बना पा रहा है और न पुरातन होने दे रहा है। यह संघर्ष वैचारिक भी नहीं रहा और पारम्परिक भी नहीं रहा। हमारी विरासत को नव बाजारवादी नीतियों ने मसल दिया और आदशर्ों के नये प्रतीक कांग्रेस पार्टी ने हर्षद मेहताओं में देखे। पिछले पांच साल में कांग्रेस की नीतियों से देश का बारह लाख करोड़ खजाना नुकसान हुआ है। 8.5 फीसद विकास दर लिए चेहरे का एक गाल हम दुनिया को मनमोहन सिंह के नेतृत्व में दिखा रहे थे कि हम कितने गतिशील हुए हैं और उसी सरकार की नीतियों के चलते चेहरे के दूसरे गाल पर ‘ब्लैक जापान’ जैसा काला रंग लगाकर हम दुनिया में थू-थू करा रहे हैं। वे कहने लगे कि संसदीय जनतंत्र की आवश्यक उपज भ्रष्टाचार है, देखो भारत का हाल। अगर सुप्रीम कोर्ट नहीं होता तो कांग्रेस के भ्रष्ट नेता देश को खूंटी पर टांगकर सरेबाजार नीलामी का डंका पीट रहे होते। बाजार के संकट में सेंसेक्स गिरता है और जब राजनीति में संकट आता है तो लोकतंत्र से लोगों का विश्वास घटता है। कांग्रेस की भूमिका अब लोगों की भलाई में नहीं रही। इंदिरा गांधी में तो नैतिक साहस था कि वह ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दे सकती थीं। लेकिन आज की कांग्रेस में नारा देने का भी साहस नहीं रहा। पिछले साल दामिनी के लिए हुए आंदोलन के समय कांग्रेस के तथाकथित युवराज ने एक शब्द नहीं बोला, क्या वे देश के महिलाओं की रक्षा कर पाएंगे? आज जनदबाव में और अपने ही संकट से लोकपाल पास करना पड़ा तो कॉरपोरेट मीडिया के जरिए श्रेय ले रहे हैं।

अभी और सिमटेगी कांग्रेस:

कांग्रेस अपनी टूटी हुई छत में बांस का सहारा लगाए या बल्लम का किनारा खोल दे, यह कांग्रेसियों का निजी अधिकार है। लेकिन कई लंगड़े मिलकर एक मिल्खा सिंह नहीं बन सकते। क्या राहुल गांधी अभी पीएम घोषित नहीं हैं ? दर्जन भर मंत्री कब से उन्हें अपना पीएम बता रहे हैं। वामपंथ ने कई बार कांग्रेस को देश के कहने पर समर्थन दिया और उसे जनविरोधी काम नहीं करने दिया। वामपंथ का साथ छूटने के बाद कांग्रेस न केवल बदनाम हुई बल्कि उसकी जवानी भी खत्म हो गई। 2014 में कांग्रेस 100-110 सीट तक सिमट जाएगी। भाजपा भी 130-140 पर रहेगी। इसलिए देश में गैर कांग्रेस व गैर भाजपा सरकार के आसार बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस को तब विघटित भी होने को तैयार रहना चाहिए। किसी भी दशा में वामपंथी दल दोबारा कांग्रेस को समर्थन नहीं दे सकते। ऐसा करके क्या वे अपनी सार्थकता पर ही प्रश्न चिह्न नहीं लगाएंगे। एक समय कांग्रेस उत्साह का नाम था, त्याग का प्रतीक था, नौजवान उसके सिद्धांतों पर चलने के लिए हर खतरे मोल लेने के लिए आगे बढ़ता था, कांग्रेस की बांह थामकर वह गरीब की जिंदगी में बहार लाने का स्वप्न बुनता था। आज वह सपनों का लुटेरा ही नहीं, सपनों के बलात्कारियों की एक जमात बन कर रह गई है। मेरे ये तर्क कांग्रेस विरोध की भावना से नहीं उपजे हैं बल्कि एक लंबे संघर्षो के इतिहास से निकली उस जमात से आशा और उम्मीद की किरणों से बावस्ता होने के कारण निकल रहे हैं।

दर्शन, विचारधारा और विज्ञान---_कविता कृष्‍णपल्‍लवी


प्रकृति विज्ञान में किसी भी वैज्ञानिक खोज
का सत्‍यापन जब प्रकृति के प्रेक्षण या वैज्ञानिक प्रयोग के द्वारा हो जाये, तभी उसे अन्तिम तौर पर स्‍थापित माना जाता है । दर्शन स्‍वत्‍व (प्रकृति और समाज) और चिंतन एवं संज्ञान के सामान्‍य नियमों का अध्‍ययन और सूत्रीकरण करता है, प्रायोगिक सत्‍यापन उसके लिए अनिवार्य शर्त नहीं है । विचारधारा सामाजिक यथार्थ का सच्‍चा या मिथ्‍या प्रतिबिम्‍बन होती है । विरोधी वर्गों वाले समाज में अलग-अलग वर्गों की अलग-अलग विचारधाराएँ अनिवार्यत: होती हैं, वे सचेतन हो या अचेतन । हर वर्ग, सचेतन या अचेतन तौर पर, अपनी विचारधारा से निर्देशित होता है और उन्‍नत चेतना के स्‍तर पर, कला-साहित्‍य-संस्‍कृति-दर्शन आदि के क्षेत्र में जो विचारधारात्‍मक संघर्ष होता है, वह वर्ग संघर्ष का ही एक रूप है ।

* विज्ञान प्रकृति, समाज और चिन्‍तन के क्षेत्र में नये अनुसंधान और फिर प्रेक्षण और प्रयोग द्वारा उनके सत्‍यापन का क्षेत्र है। यह भी सामाजिक चेतना का ही एक रूप है ।
*मार्क्‍सवाद एक दर्शन है, क्‍योंकि यह वस्‍तुगत जगत और चेतना की गतिकी के सामान्‍य नियमों का अध्‍ययन और सूत्रीकरण करता है ।

* मार्क्‍सवाद एक विचारधारा है, क्‍योंकि यह सामाजिक यथार्थ को सर्वहारा के अवस्थिति-बिन्‍दु से प्रतिबिम्बित करता है । 
*लेकिन सर्वोपरि तौर पर मार्क्‍सवाद एक विज्ञान है, क्‍योंकि यह सैद्धान्तिक प्रस्‍थापना के प्रायोगिक सत्‍यापन पर बल देता है । यह वस्‍तुगत जीवन के प्रेक्षण और व्‍यवहार से आसवित (डिस्टिल्‍ड) सिद्धान्‍त को व्‍यवहार में उतारने और फिर उस व्‍यवहार के सार-संकलन के आधार पर सिद्धान्‍त को उन्‍नत एवं परिष्‍कृत करने की बात करता है । 'पुडिंग की अन्तिम सार्थकता तो उसका स्‍वाद लिए जाने के बाद ही सिद्ध होती है' -- यह सामान्‍य मार्क्‍सवादी उक्ति है ।
* व्‍यवहार -- सिद्धान्‍त -- व्‍यवहार श्रृंखला का ऊर्ध्‍ववर्ती कुण्‍डलाकार विकास मार्क्‍सवादी संज्ञान-सिद्धांत की बुनियादी बात है । मार्क्‍सवाद एक विज्ञान है, जो प्रकृति और समाज दोनों में, अलग-अलग रूपों एवं प्रतीतियों के बावजूद, बुनियादी तौर पर गति के सामान्‍य नियमों के सक्रिय होने की बात करता है ।
* द्वंद्वात्‍मक भौतिकवाद के सूत्र गति के यही सामान्‍य नियम हैं । इन नियमों को इतिहास और समाज-विकास पर लागू करना ऐतिहासिक भौतिकवाद है। द्वंद्वात्‍मक और ऐतिहासिक भौतिकवाद एक विज्ञान है, इसलिए प्रकृति और समाज में होने वाले हर परिवर्तन के साथ यह निरन्‍तर विकसित होता रहता है ।
जो मार्क्‍सवादी विज्ञान की गतिमानता को नकारकर, उसे कठमुल्‍लासूत्र बना देते हैं, वे मार्क्‍सवाद से उसकी आत्‍मा को निकाल देते हैं । जिनका मार्क्‍सवाद सामाजिक व्‍यवहार के बजाय मात्र किताबी ज्ञान से अर्जित है और केवल मार्क्‍सवाद को कहते-लिखते रहना, भाष्‍य करते रहना ही जिनका काम है और जो इसे सामाजिक व्‍यवहार में नहीं उतारते, वे मार्क्‍सवादी वैज्ञानिक नहीं, दार्शनिक पण्डित हैं, ''मार्क्‍सविद्याविद'' (''मार्क्‍सो‍लॉजिस्‍ट'') हैं ।

* मार्क्‍सवाद क्रान्ति का विज्ञान है और क्रान्तिकारी व्‍यवहार द्वारा सत्‍यापन और विकास की माँग करता है।

Saturday, 21 December 2013

Indian revolutionary:Baba Sohan Singh Bhakna ---Sanjog Walter



Baba Sohan Singh Bhakna (1870–21 December 1968) was as Indian revolutionary, the founding president of the Ghadar Party, and a leading member of the party involved in the Ghadar Conspiracy of 1915. Tried at the Lahore Conspiracy trial, Sohan Singh served sixteen years of a life sentence for his part in the conspiracy before he was released in 1930. He later worked closely with the Indian labour movement, devoting considerable time to the Kisan Sabha and the Communist Party of India.In 1921, Sohan Singh was transferred to Coimbatore jail and then to Yervada. Here however, Singh embarked on a hunger strike in protest against Sikh prisoners not being allowed to wear turbans and their Kacchera, amongst their religious obligations. In 1927, he was shifted to the Central Jail at Lahore, where he again went on hunger strike in June 1928 to protest against the segregation of the so-called low-caste Mazhabi Sikhs from other 'high-caste' Sikhs during meals. In 1929, while still interned, he went on a hunger strike in support of Bhagat Singh. He ultimately served sixteen years before he was released early in July 1930.
After his release, he continued working in the nationalist movement and labour politics. His works were identified closely with the works of the Communist party of India, devoting most of his time to organizing the Kisan Sabhas. He also made the release of interned Ghadarites a key part of his political work.
He was interned a second time during World War II, when he was jailed at the Deoli Camp in what is today Rajasthan. He remained incarcerated for nearly three years. After Independence he veered decisively towards the Communist Party of India. He was arrested on 31 March 1948, but released on 8 May 1948. However, he was seized again, but jail-going ended for him finally at the intervention of Independent India's first Prime Minister, Jawaharlal Nehru. Bent with age and ravaged by pneumonia, Baba Sohan Singh Bhakna died, at Amritsar, on 21 December 1968.
 
 

Friday, 20 December 2013

क्रान्तिकारी विरासत और फासिस्‍टों का फ्रॉड---कविता कृष्णपल्लवी

काकोरी के शहीदों को याद करते हुए :
 https://www.facebook.com/kavita.krishnapallavi/posts/601782409877304
फासिस्‍टों के पास जनसंघर्षों में, राष्‍ट्रीय मुक्ति-संघर्षों में भागीदारी की कोई विरासत नहीं है। फासिस्‍ट भीड़ की हिंसा और उन्‍माद को भड़काकर बर्बर नरसंहार करवा सकते हैं, पर वे किसी उदात्‍त लक्ष्‍य के लिए लड़ने और कुर्बानी देने का साहस जुटा ही नहीं सकते। आर.एस.एस. और किसी भी ब्राण्‍ड के हिन्‍दुत्‍ववादी ने राष्‍ट्रीय आन्‍दोलन में कभी हिस्‍सा नहीं लिया। अंग्रेजों से इनकी वफादारी के वायदों, मुखबिरी और माफीनामों के दस्‍तावेजी प्रमाण मौजूद हैं।
राष्‍ट्रीय आन्‍दोलन की दौर की अपनी शर्मनाक़ भूमिका को झूठे प्रचारों से ढँकने के तरह-तरह के उपक्रम करते हुए ये फासिस्‍ट जनता की गौरवशाली विरासत को चुराने हड़पने का भी काम करते हैं। कभी उग्र राष्‍ट्रवादी तिलक के पुरातनपंथी धार्मिक विचारों के पक्ष को 'हाइलाइट' करके उनसे अपने को जोड़ते हैं, कभी अनुदारवादी बुर्ज़ुआ नेता पटेल को अपना नायक बताते हैं, कभी 'गाँधीवादी समाजवाद' की दुहाई देने लगते हैं, तो कभी बिस्मिल, राजेन्‍द्र लाहिड़ी, जतिन दास, भगतसिंह आदि की क्रान्तिकारी परम्‍परा से अपने को जोड़ने लगते हैं। ऐसा करते हुए इन क्रान्तिकारियों के विचारों को छिपाकर फासिस्‍ट उन्‍हें केवल राष्‍ट्रवादी नायक के रूप में प्रस्‍तुत करते हैं।
आज के दिन फासिस्‍ट हिन्‍दुत्‍ववादी भी काकोरी के शहीदों को ''शत-शत नमन'' करने का पाखण्‍ड कर रहे हैं। लेकिन ये कपटी यह नहीं बताते कि बिस्मिल, अशफ़ाकुल्‍ला, राजेन्‍द्र लाहिड़ी, रोशन सिंह आदि साम्राज्‍यवाद विरोधी होने के साथ ही एक सच्‍चे सेक्‍युलर लोकतांत्रिक गणराज्‍य के पक्षधर थे और साम्‍प्रदायिकता की राजनीति के धुर-विरोधी थे। 'हिन्‍दुस्‍तान रिपब्लिकन एसोसियेशन' के इन्‍हीं आदर्शों को 1928 में स्‍थापित 'हिन्‍दुस्‍तान सोशलिस्‍ट रिपब्लिकन एसोसियेशन' ने आगे विकसित किया जब भगतसिंह और उनके साथियों ने 'डेमोक्र‍ेटिक रिपब्लिक ऑफ इण्डिया' के स्‍थान पर 'सोशलिस्‍ट डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ इण्डिया' की स्‍थापना को अपना लक्ष्‍य घोषित किया।
बिस्मिल, अशफ़ाकुल्‍ला और उनके साथियों की विरासत को आज वास्‍तव में स्‍वीकार करने का सर्वोपरि अर्थ है 'सेक्‍युलरिज्‍़म' के क्रान्तिकारी अर्थ को ग्रहण करना और साम्‍प्रदायिक राजनीति का खूनी खेल खेलने वाले उन्‍मादी हिन्‍दुत्‍ववादी फासिस्‍टों के मंसूबों को नाक़ाम करने के लिए व्‍यापक जन-समुदाय को लामबंद करना।
संघियों को हिटलर, मुसोलिनी, फ्रांको, हेडगेवार, गोलवरकर, सावरकर, मुंजे, गोडसे, श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी आदि की जयंतियाँ मनानी चाहिए। ऐसे लोग बिस्मिल, राजेन्‍द्र लाहिड़ी आदि का नाम लेकर क्रांतिकारी विरासत को कलंकित करते हैं, उसकी वास्‍तविक पहचान पर कालिख पोतते हैं।