Monday, 26 September 2016

ब्राह्मण वादी निंदनीय दुष्कृत्य ------ विजय राजबली माथुर

24 सितंबर 2016 


हमारे ब्लाग में पोस्ट देख कर मयंक द्वारा कापी करके अपने नाम से छ्पवाना  क्या कम्युनिस्ट नैतिकता के विरुद्ध नहीं है? दोनों के प्रकाशन समय देखें -ब्लाग में 08 :20 (20 : 20 )pm पर मैंने पब्लिश किया है और मयंक ने 10 :24 pm पर उसको अपने नाम से निकाल डाला है। यू पी में मोदीईस्ट बाजारवादी कामरेड्स इसी प्रकार की हरकतों से पार्टी को कमजोर कर रहे हैं।

यों तो छोटों की गलतियों को नज़रअंदाज़ कर देना मेरी  आदत का हिस्सा है। 18 सितंबर को छात्र नेता कन्हैया कुमार यहाँ लखनऊ सम्बोधन हेतु आए थे उनके सम्बोधन के अपने को खास लगे अंशों को अपने ब्लाग 'साम्यवाद COMMUNISM ' पर रात्रि 08 : 20 (20 : 20 ) pm पर प्रकाशित किया था। कानपुर के एक छात्र 'मयंक चकरोबरती ने उसे 10 :24 pm पर अपने नाम से कापी पेस्ट करके पब्लिश कर दिया। चूंकि यह छात्र हमारी पार्टी भाकपा का भी सदस्य है अतः कानपुर के ही एक बड़े प्रभावशाली कामरेड नेता के संज्ञान में सम्पूर्ण तथ्यों को डाला। ऊपरी दबाव में वह बड़े नेता भी इस छात्र के दुष्कृत्य को निंदनीय न ठहरा सके। वस्तुतः यू पी में भाकपा  अब एक ऐसे परिवार की पाकेट पार्टी है जिसमें पति,पत्नी,साली व दत्तक पुत्र की मर्ज़ी ही पार्टी नीति है और वैधानिक पदाधिकारी भी खुद को असहाय पाते हैं। अतः उनके प्रश्रय की प्रबल संभावना के मद्देनज़र उस छात्र को अपनी फेसबुक फ्रेंडशिप से हटाना पड़ा। यह पहला मौका है जब  उम्र में बेहद छोटे व्यक्ति पर बेमन से ही अनफ्रेंड करने की  कारवाई करनी पड़ी है।

जितने भी लोगों ने कन्हैया से संबन्धित अथवा किसी भी पोस्ट को जब भी शेयर किया है ब्लाग पोस्ट के रेफरेंस के साथ ही और इसी प्रकार मैं खुद भी दूसरों की अच्छी पोस्ट्स को शेयर करता रहता हूँ। स्वयं कामरेड अरविंद राज स्वरूप जी  ने भी रेफरेंस सहित ही शेयर किया है । 



विचारणीय  प्रश्न यह है कि, जबकि अतीत में मयंक भी रेफरेंस सहित ही पोस्ट्स शेयर करते रहे हैं तब कन्हैया से संबन्धित पोस्ट को ही अपने नाम से चुराने की क्या ज़रूरत थी ? वजह साफ है कि मयंक नौजवान छात्र हैं और आसानी से कन्हैया से प्रभावित हो सकते हैं। अतः मोदीईस्ट /बाजरवादी/ब्राह्मण वादी कामरेड्स जिनके केंद्रीय मंत्रियों से मधुर संबंध हैं नहीं चाहते थे कि कन्हैया की लखनऊ यात्रा के बाद यू पी में कन्हैया के समर्थक बढ़ें और फासिस्ट सरकार की चूलें हिलें । ऐसे लोगों को मयंक साफ्ट टार्गेट के रूप में मिल गए और उनसे गलत कदम उठवा कर उनको बदनाम कर दिया गया। तोड़- फोड़ और पार्टी संकुचन में संलग्न ब्राह्मण वादी कामरेड्स ने कन्हैया के प्रयासों पर पानी फेरने के लिए  जिस प्रकार मयंक के सिर बदनामी का ठीकरा फोड़ा है वह दुष्कृत्य निंदनीय है। 












Thursday, 22 September 2016

कन्जूमर फ्रेंडली ...सरे आम लूट..........लोक को खाने वाला दीमक ------ मंजुल भारद्वाज

डब्लू टी ओ मानवता और प्राकृतिक संसाधनों को लुटने और ध्वस्त करने का अमेरिकी षड्यंत्र
-    मंजुल भारद्वाज

मुनाफ़ा .. या लूट : 

संवाद ,मेल मिलाप , सम्पर्क , जानना पहचानना , एक दूसरे से जुड़ना ,एक दूसरे के दुःख दर्द में शामिल होना , एक दूसरे की मदद करना  ये मनुष्य की प्राकृतिक आवश्यकताएं हैं और इन्ही की पूर्ति हेतु उसने दुनिया के एक छोर से दूसरे छोर तक अपना सम्पर्क स्थापित किया . एक दूसरे को खोज निकाला. आदि काल से १९५० तक ये सम्पर्क धर्म , कला, साहित्य और सांस्कृतिक आधार पर किया गया उसमें व्यापार भी शामिल था . पर सम्पर्क के मौलिक तत्व या माध्यम  धर्म , कला, साहित्य और सांस्कृतिक परम्पराएं थी . पर दूसरे विश्व युद्ध के बाद ये एक दूसरे के संपर्क के मौलिक तत्वों को बुनियादी रूप से बदलने की प्रक्रिया पूंजीवादी और साम्राज्यवादी  देशों ने GAAT की स्थापना से शुरू की जो १९९५ में डब्लू टी ओ के रूप में प्रस्थापित हुई . इस  डब्लू टी ओ की व्यवस्था ने ‘व्यापार’ को  विश्व के सम्पर्क का बुनियादी सूत्र माना, बनाया और विश्व में प्रस्थापित किया जिसका एक ही उद्देश्य है मुनाफ़ा , मुनाफ़ा और सिर्फ़ मुनाफ़ा.. हर हाल में मुनाफ़ा , हर कीमत पर मुनाफ़ा .. या मुनाफ़े की बजाय लूट कहें तो एक दम सटीक !

‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’  : 
इस संकल्पना की जड में मनुष्य , इंसानियत श्रेष्ठ नहीं है , सभ्यता श्रेष्ठ नहीं है ‘अर्थ’, मुनाफ़ा और व्यापार श्रेष्ठ है . इस व्यवस्था का मूल्य मनुष्यों  की ज़रूरतें पूरी करने का  नहीं है बल्कि उसकी लालच को बढ़ाना है . समता , समानता और खुशहाली  के नाम पर विषमता , अलगाव और हिंसा इसकी जड़ में है जो उपभोगतावाद के कन्धों पर बैठकर पृथ्वी को निगल रहा है और पृथ्वी का श्रेष्ठ जीव मनुष्य अपनी लालच में अपने ही साथी  मनुष्य , पृथ्वी के बाकी जीवों , पर्यावरण , जीवन के लिए ज़रूरी  प्राकृतिक संसाधनों को और स्वयं पृथ्वी को निगलने के लिए उतारू है . सभ्यता , संस्कृति की दुहाई देने वाला मनुष्य केवल और केवल खरीद फ़रोख्त का सामान बन गया है .
‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’ का  मुहावरा इसका अमलीकरण मन्त्र है . नरसंहार के अणु हथियारों के विशाल जखीरे पर बैठा अमेरिका और उसके पिछलगू देश दुनिया को शान्ति के नाम पर धमकाते हैं और डब्लू टी ओ में सारे ‘व्यापार’ के मसौदों पर हस्ताक्षर कराते हैं और दुनिया के , पृथ्वी के सारे प्राकृतिक संसाधनों को लूटने का अनैतिक और ग़ैर कानूनी अधिकार प्राप्त करते हैं .

कृत्रिम ज़रूरत का निर्माण : 
दरअसल इस नई आर्थिक नीति (कुनीति कहें तो उपयुक्त होगा) का आधार है बोली लगाओ . यानी एक कृत्रिम ज़रूरत का निर्माण करना , उस झूठ को एक सच के रूप में बेचना ..उस झूठ को बेचने के लिए एक भीड़ बनाना जिसको ये बाज़ार कहते हैं ... यानी बुनियादी रूप से १ रुपये की कीमत वाली एक वस्तु को भीड़ यानी बाज़ार में बोली लगवाकर (सेंसेक्स का जुआघर) एक कृत्रिम ज़रूरत निर्माण कर उसे एक लाख रुपये  की बना देना ..अब १ रूपये की वस्तु एक लाख की हो गयी ..इसको ये अर्थ सृजन कहते हैं ..और इस झूठ को बनाने , फैलाने वालों को अर्थ शास्त्री , और ऐसे ही झूठों को नोबेल से नवाज़ा जाता है .  और  इस झूठ का  गुब्बारा जब फूटता है उसे ये आर्थिक मंदी का दौर कहते हैं . जीडीपी की अर्थी लिए घूमते हैं. दुनिया में भुखमरी , हिंसा और  युद्ध के पैरोकार और जिम्मेदार   सामान्य जनता को कहते  हैं  उसे इकॉनमी की समझ नहीं और इन लुटेरों को है . और यही लुटेरे फिर पारदर्शिता , ईमानदारी, नैतिकता और मनुष्यता की दुहाई देते हैं .दुनिया का मध्यम वर्ग इनकी पैरोकारी करता है . ऐसे देशों को विकास का रोल मॉडल मानता है और दुनिया का सबसे  बड़ा लोकतंत्र इनके रहमों करम पर अपने मोक्ष का मार्ग खोजता है .
इस नई आर्थिक नीति में उत्पाद का मूल्य निर्धारण एक लूट के आधार पर होते हैं , कच्चा माल सस्ता , श्रम सस्ता लेकिन तैयार माल की कीमत ज्यादा , ज्यादातर कच्चा माल सस्ता , श्रम सस्ता, लागत कम  पर   तैयार माल की कीमत  ज्यादा . इस में ३०० गुना से ३००० हजार गुना का फर्क होता है और ये किसी भी मापदंड पर नीतिगत नहीं ठहराया जा सकता .

मनुष्यता और पृथ्वी का विध्वंस  :
मध्यम वर्ग के ग्राहक और एक उदहारण देखिये एक बार आपने  कार खरीद ली या टीवी या वाशिंग मशीन खरीद लिया और आप उसे शो रूम से बाहर ले आये तो उसकी कीमत आधी हो जाती है यानी शो रूम से सड़क तक आने में ..एक दहलीज़ पार करने से ही उत्पाद की कीमत आधी , ये सरे आम लूट है ऊपर से इससे कहा जा रहा है कन्जूमर फ्रेंडली ... दरअसल ये बाज़ार नहीं है ये कुत्सित उपभोगियों की विचारहीन भीड़ है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोक को खाने वाला दीमक है जिससे  कुनीतियों के आधार पर धनपशुओं और रक्त पिपासुओं की पैदावार होती है जो मनुष्यता और पृथ्वी का विध्वंस करता है .


-----------------------------
संक्षिप्त परिचय -

“थिएटर ऑफ रेलेवेंस” नाट्य सिद्धांत के सर्जक व प्रयोगकर्त्ता मंजुल भारद्वाज वह थिएटर शख्सियत हैं, जो राष्ट्रीय चुनौतियों को न सिर्फ स्वीकार करते हैं, बल्कि अपने रंग विचार "थिएटर आफ रेलेवेंस" के माध्यम से वह राष्ट्रीय एजेंडा भी तय करते हैं।
एक अभिनेता के रूप में उन्होंने 16000 से ज्यादा बार मंच से पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।लेखक-निर्देशक के तौर पर 28 से अधिक नाटकों का लेखन और निर्देशन किया है। फेसिलिटेटर के तौर पर इन्होंने राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर थियेटर ऑफ रेलेवेंस सिद्धांत के तहत 1000 से अधिक नाट्य कार्यशालाओं का संचालन किया है। वे रंगकर्म को जीवन की चुनौतियों के खिलाफ लड़ने वाला हथियार मानते हैं। मंजुल मुंबई में रहते हैं। उन्हें 09820391859 पर संपर्क किया जा सकता है।

Sunday, 18 September 2016

कन्हैया कुमार का लखनऊ में आह्वान ------ विजय राज बली माथुर


फोटो सौजन्य से अरविंद राज स्वरूप 


आज दिनांक 18 सितंबर 2016 को चारबाग स्थित रवींद्रालय में AISF,AIYF,NFIW आदि-आदि कई संगठनों की ओर से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता कामरेड डॉ गिरीश ने व  कुशल संचालन कामरेड अरविंद राज स्वरूप ने किया जिसके मुख्य वक्ता लोकप्रिय छात्र नेता कन्हैया कुमार रहे। 

IPTA के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड राकेश ने AISF,AIKS और PWA के स्थापना सम्मेलनों की धरती लखनऊ आगमन पर कन्हैया कुमार का हार्दिक स्वागत किया। उन्होने कन्हैया को यह भी याद दिलाया कि उनका प्रिय गीत ' आज़ादी '  जिसे उन्होने अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बना दिया है के रचियता रवीद्र नगर इसी लखनऊ के ही थे और यह भी कि, उनके बेगूसराय में जब IPTA के कार्यक्रम में इस गीत को गाया गया था तब कन्हैया ने बाल कलाकार के रूप में उसमें भाग लिया था। 

शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने कन्हैया के संबंध में अपना यह शेर पढ़ा ---

किसी मासूम का अड़ियल रवैया ही यह काफी है 
बिहारी जाति का तो यह एक भैया ही अब काफी है 
तेरी कुर्सी के ढीले पेंच कसने के लिए दिल्ली में 
इस दौर का तो यह एक कन्हैया ही काफी है । 

खचाखच भरे हाल में लोग कन्हैया को सुनने के लिए आतुर थे और वे अन्य वक्ताओं की तकरीरों से काफी ऊब रहे थे । ऐसे माहौल में जब दिन के एक बज कर तेरह मिनट पर कन्हैया के भाषण की घोषणा की गई पूरे हाल ने करतल ध्वनि से अपने प्रिय युवा साथी के स्वागत में जोशीले नारों से हाल ही नहीं आस- पास के पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। जब कन्हैया ज़िन्दाबाद के नारे थमने का नाम नहीं ले रहे थे तब कन्हैया ने  01: 15 पर माईक संभालते  हुये लोगों से शांत रहने की अपील की उन्होने लोगों से कहा कि यह मोदी पद्धति है और उनको यह अच्छी नहीं लगती है अतः ऐसा न करा करें।लगभग 50 मिनट के अपने सम्बोधन में कन्हैया कुमार ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे और कहा कि वह समस्याएँ गिनवाने नहीं उनके समाधान के लिए जनता का सहयोग मांगने आए हैं। उन्होने कहा कि, यह उनकी दूसरी लखनऊ यात्रा है इससे पूर्व वह 2011 में AISF की 75 वीं वर्षगांठ में सम्मिलित होने के लिए आए थे। उनके भाषण की खास - खास बातें सार (संक्षेप ) रूप में प्रस्तुत हैं। 

कन्हैया कुमार ने कहा कि, गोष्ठियाँ समस्या का समाधान बताने के लिए की जानी चाहियें। जब समाधान की बात की जाएगी तब शासन - प्रशासन उत्पीड़न करेगा जिसका मुक़ाबला बिना वैचारिक प्रतिबद्धता के नहीं किया जा सकता है अतः इन गोष्ठियों के माध्यम से जनता को वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध करने के प्रयास होने चाहिए। उन्होने यह भी कहा कि, उनको पत्रकारों पर गुस्सा नहीं बल्कि तरस आता है अपनी रोज़ी -रोटी के लिए नौकरी करने वाले पत्रकारों की नहीं उनके नियंताओं की आलोचना की जानी चाहिए और उनके चंगुल से पत्रकारों को स्वतंत्र कराया जाना चाहिए। 

आज देश का प्रधान मंत्री एक कंपनी का सिम बेचने के लिए माडलिंग कर रहा है और बातें स्टार्ट अप इंडिया की करता है। इंडिया का स्टार्ट अप सेलफ़ी से,अफ्रीका में ढ़ोल बजाने से, गुजरात में बर्थ डे केक काटने से नहीं होगा। किसान और बुनकर तथा मजदूर का उद्धार किए बिना इंडिया स्टार्ट अप नहीं हो सकता। हमको इसी तरह की जुमलेबाजी से ही आज़ादी चाहिए। मोदी देश नहीं,संघ संसद नहीं और मनु स्मृति संविधान नहीं है इनके खिलाफ बोलना देशद्रोह नहीं है। देश बाबा साहब अंबेडकर के संविधान के अनुसार प्रस्तावना में वर्णित ' हम भारत के लोग' हैं। जब तक संविधान के अनुसार हम लोगों को आज़ादी नहीं मिलती हम संघर्ष करते रहेंगे। इसके विपरीत आज के नौजवानों के दिमाग में मोदी-मोदी का एंथम बजाया जा रहा है हमें इससे आज़ादी चाहिए। 

कन्हैया ने कहा कि, आज़ादी से पहले हमारा संगठन AISF साम्राज्यवाद से आज़ादी के लिए लड़ रहा था आज हम उनके चेले - चपाटों के शोषण से आज़ादी के लिए लड़ रहे हैं। हमारे साथ आज़ादी के दीवाने निस्वार्थ लड़ रहे हैं । निश्चय ही संघिस्तान हारेगा और हिंदुस्तान जीतेगा। मोदी केवल मुसलमानों के खिलाफ द्वेष भड़का रहे  है उनको पता ही नहीं है कि कटिहार में मुस्लिम भी छठ पूजा करते हैं वह भारत की संस्कृति को जानते ही नहीं हैं और बात करते हैं भारतीय संस्कृति की। जब रोम  जल रहा था तो वहाँ का शासक नीरो बंसी बजा रहा था। आज कश्मीर से कन्या कुमारी तक हिंदुस्तान जल रहा है तब हमारा प्रधानमंत्री जन्मदिन का केक काट रहा है।

इंसान को मशीन बना दिया गया है , समवेदनाएं नहीं बची हैं। मध्यम वर्ग की दशा भी  सोचनीय है    :


आने वाले चुनावों में धर्म और जातिवाद नहीं साधारण जनता का मुद्दा होना चाहिए। आज समस्या सिर्फ गरीबों , किसानों, मजदूरों की ही नहीं है । आज समस्या उनकी भी है जो कारपोरेट की सेवा में लगे हैं। श्रम कानून कहता है कि, आठ घंटे काम करने बाद अगर अतिरिक्त काम लिया जाता है तो उस अतिरिक्त समय का दो गुना ओवर टाईम देना होगा लेकिन मोदी सरकार इन श्रमिक कानूनों को बदल कर कारपोरेट मालिकों को अपने कर्मचारियों के शोषण का लाईसेंस देने जा रही है। कारपोरेट घरानों, मीडिया आदि संस्थानों में सेवा करने वालों को 16-16 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही है जिसके लिए उनको कोई ओवर टाईम नहीं दिया जा रहा है। इंसान को मशीन बना दिया गया है , समवेदनाएं नहीं बची हैं। मध्यम वर्ग की दशा भी  सोचनीय है ।   नौकरी देने के नाम पर आज जो कंपटीशन हो रहे हैं वे लोगों को रिजेक्ट करने के लिए हैं । पढ़ाई भी केवल डिग्री खरीदने का साधन मात्र है, ज्ञान का नहीं। 
सरकारी पुलिस के लोग भी परेशान हैं। उन्होने एक उदाहरण देते हुये बताया कि उनके साथ चल रहे एक पुलिस अधिकारी ने उनसे कहा कि उनको बातें तो उनकी पसंद हैं लेकिन वह उनके साथ खड़े नहीं हो सकते। इस पर कन्हैया ने कहा कि वह अगर उनके साथ खड़े हो गए तो उनको लखनऊ से लखीमपुर खीरी ट्रांसफर कर दिया जाएगा, समस्या तो यह भी है। 

कन्हैया ने कहा कि, वर्तमान व्यवस्था से देश की बहुसंख्यक आबादी परेशान है। उदाहरण के लिए उन्होने बताया कि, FDI से सबका रोजगार छिनेगा चाहे वह धार्मिक अल्पसंख्यक हो चाहे धार्मिक बहुसंख्यक। 

समाधान : 

भाषण का समापन करते हुये कन्हैया कुमार ने समस्याओं के समाधान भी प्रस्तुत किए। उन्होने कहा कि, किसान का कर्जा माफ होना चाहिए जिससे उसे आत्म- हत्या न करनी पड़े। छात्रों को आर्थिक सहायता - वजीफा मिलना चाहिए जिससे किसी को बीच में पढ़ाई न छोडनी पड़े। बेरोजगारों को रोजगार या बेरोजगारी भत्ता देना चाहिए जिससे  लोग भूख से न मर सकें। 

उन्होने कहा कि ब्राह्मण वादी व्यवस्था आज राजनीति में चली गई है हमें इससे आज़ादी चाहिए। उन्होने कहा कि, ब्राह्मण होना अपराध नहीं है लेकिन यह सोचना कि, हमसे ऊपर कोई नहीं है यही ब्राह्मण वादी व्यसथा है जो अपराध है। उन्होने कहा कि जब शेख कहे कि, वह अंसारी में शादी नहीं कर सकता तो वह शेख ब्राह्मण वादी है। यादव ऐसा ही पटेल के लिए कहे तो वह यादव भी ब्राह्मण वादी है। आज राजनीति, अर्थ- व्यवस्था सभी जगह ब्राह्मण वाद है हमें इससे मुक्त होना होगा उसके बगैर समानता नहीं आ सकती। 

कन्हैया ने कहा कि, जब संविधान के अनुसार अंबानी और एक मोची का 'वोट' एक समान है तब दोनों का बच्चा एक ही स्कूल में क्यों नहीं पढ़ सकता? यह आज़ादी की लड़ाई अंबेडकर वाद और गोलवालकर वाद के बीच की लड़ाई है। इस लड़ाई में जीत अंबेडकर वाद की होगी। आर्थिक समानता और सामाजिक समानता की इस लड़ाई में ब्राह्मण वाद और जातिवाद बाधक है अतः उसके विरुद्ध शोषितों को एकजुट होना ही होगा और होंगे भी कन्हैया ने ऐसी आशा व्यक्त की। 

(कामरेड कन्हैया कुमार के विचार यू ट्यूब और फेसबुक पर सुनते - पढ़ते रहे हैं और उनको ब्लाग पर संकलित भी करते रहे हैं किन्तु प्रत्यक्ष रूप से  उनको देखने व सुनने का सुअवसर आज प्राप्त हुआ। जब कामरेड अरविंद राज स्वरूप ने मेरे द्वारा कन्हैया से भेंट करते समय कहा कि, यह माथुर साहब हैं और उस पर मैंने पूरा नाम बताया तो कन्हैया ने सहज आत्मीयता से कहा कि,' आप तो लिखते रहते हैं। ' इतनी लोकप्रियता, इतने ज्ञान और प्राप्त हो रहे सम्मान के बावजूद कन्हैया कुमार में अहं छू भी नहीं रहा है। हम उनके सुंदर,स्वस्थ,सुखद समृद्ध उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायुष्य की मंगल कामना करते हैं। ------ विजय राजबली माथुर )



Video :

फोटो सौजन्य से प्रदीप घोष 


Pradeep Ghosh
धमनियों मे जुँबिश भर देने वाली कहानियों की रचयीता किरन सिंह की पहली कहानी संग्रह 'यीशू की कीलें' का लोकार्पण आज 16.9.2016 को रवीन्द्रालय लखनऊ में नयी पीढ़ी के युवा चिंतक अन्याय केे विरुध्द लड़ने वाले, दलितों , अल्पसंख्यकों , कामगार लोगों के पक्षधर कन्हैया कुमार (JNU) द्वारा किया गया :
https://www.facebook.com/pradeep.ghosh.7587/posts/558041457737095

**************************************************************
फेसबुक कमेंट्स ::
19 सितंबर 2016 

Tuesday, 13 September 2016

यू पी में वाम का संकट : मध्य वर्ग से दूर रहा व मजदूर - किसान को अपना बना न सका ------ जगदीश्वर चतुर्वेदी

****** हाल ही में मथुरा में वामदलों का एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन हुआ .........  वामदलों को मीडिया में चल रही बहसें प्रभावित नहीं करतीं।यह वामदलों की सबसे बड़ी कमजोरी है। ******


मथुरा में वामपंथी दलों के संयुक्त सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाकपा उत्तर प्रदेश के सचिव डा. गिरीश



Madhuvandutt Chaturvedi

 छह वामदलों के मथुरा क्षेत्रीय सम्मलेन में कल सीपीआई राज्य सचिव का. (डॉ) गिरीश शर्मा को सुना । प्रतिनिधि सम्मलेन की बजाय चुनाव सभा में दिया जा रहा भाषण लगा । सपा बसपा कांग्रेस और बीजेपी को समानरूप से लांछित कर रहे थे । आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता को कोई स्पष्ट सन्देश मैं नहीं सुन सका । राज्य में वामपंथी दलों की चुनाव में स्वतंत्र भागीदारी के लिए बस्तुगत आधारों का कोई मार्क्सवादी विश्लेषण नहीं था । कुल मिलाकर निराशा हुई । लेकिन इस बात की ख़ुशी हुई कि क्षेत्र के तमाम साथी एक जगह इकठ्ठा हुए और उत्साह के साथ एकदूसरे से मिले ।
https://www.facebook.com/madhuvandutt/posts/1006440102802056
 वामदलों को मीडिया में चल रही बहसें प्रभावित नहीं करतीं।यह वामदलों की सबसे बड़ी कमजोरी है

यूपी में वाम का संकट-1-
हाल ही में मथुरा में वामदलों का एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन हुआ।इस सम्मेलन में किस तरह की बहस हुई और किन आधारों पर बहस हुई इस पर कोई ठोस जानकारी मेरे पास नहीं है। लेकिन कुछ खरी-खोटी सच्चाईयां हैं जिनको बहस के केन्द्र में रखना जरूरी है।हमें मालूम है वामदलों को मीडिया में चल रही बहसें प्रभावित नहीं करतीं।यह वामदलों की सबसे बड़ी कमजोरी है।
यूपी में वाम बेहद कमजोर अवस्था में है।वाम की इस कमजोरी का प्रधान कारण है वामनेताओं और वामदलों की यूनिटों का गैर-क्रांतिकारी और अ-लोकतांत्रिक चरित्र।इसके कारण बार-बार इकाईयां बनती-बिगड़ती रहती हैं।इसके अलावा वामदलों खासकर भाकपा-माकपा-माले में वे सभी वैचारिक कमजोरियां हैं जो इस क्षेत्र के गैर-वामनेताओं में हैं। इसके अलावा तीनों कम्युनिस्ट दलों में मार्क्सवादी साहित्य,ज्ञान-विज्ञान आदि के साहित्य के पठन-पाठन का अभाव है।इन इलाकों में भाकपा-माकपा-माले के अधिकांश सदस्य और नेतागण विश्व मार्क्सवादी साहित्य को पढ़ते- पढ़ाते नहीं हैं।अधिक से अधिक पार्टी की प्रचार सामग्री ही उनका ज्ञान स्रोत है।मार्क्सवादी साहित्य के ज्ञान के बिना कम्युनिस्ट कभी भी प्रभावित नहीं करते,बल्कि बे-सुरे से लगते हैं।इसके अलावा इन दोनों कम्युनिस्ट पार्टियों के पास यूपी में सांगठनिक विकास की कोई सुनियोजित योजना नहीं है।वे धार्मिक कर्मकांड की तरह किसी तरह लस्टम-पस्टम करके पार्टी यूनिटों को चलाने को ही क्रांति मानते हैं। 
जो लोग सालों से इन दलों में हैं उनकी चेतना और वैचारिक समझ में कोई बुनियादी बदलाव नहीं आया है।मैं निजी तौर पर अनेक कम्युनिस्टों को जानता हूँ।मैंने स्वयं मथुरा में कई साल माकपा सदस्य के रूप में काम भी किया है। इन इलाकों में जो कम्युनिस्ट जितना ज्यादा जड़ है वह उतना ही बड़ा क्रांतिकारी है।पढ़े-लिखे को तो ये फुली-फालतू समझते हैं।सर्जनात्मकता और नई वैचारिक बहसों में इनकी कोई दिलचस्पी नहीं होती।ऐसी स्थिति में यूपी में वाम के भविष्य की सहज कल्पना कर सकते हैं कि आने वाले चुनाव में वे क्या करेंगे ! हमारा मानना है यूपी के कम्युनिस्टों के वैचारिक तंत्र और आंतरिक सांगठनिक ढ़ाँचे को खोलना चाहिए।उस पर खुली बहस होनी चाहिए।
वाम का उदीयमान मध्यवर्ग से अलगाव
यूपी में वाम का संकट-2-
यूपी में वाम के विकास में सबसे बड़ी बाधा है वाम का उदीयमान मध्यवर्ग से अलगाव।यूपी में यह सच है जातिवाद और सामंती सामजिक संरचनाएं बहुत बड़ी बाधाएं हैं।लेकिन वाम आजादी के बाद यूपी में पैदा हुए मध्यवर्ग की प्रकृति और उसकी राजनीतिक-बौद्धिक-पेशेवर क्षमताओं को समझने और उसके अनुकूल अपने क्रांतिकारी औजारों को निर्मित करने में वाम पूरी तरह असमर्थ रहा है। यूपी में बसपा-सपा-भाजपा का नया उभार इसलिए संभव हुआ क्योंकि इन दलों ने सही ढ़ंग से मध्यवर्ग को पकड़ा।मध्यवर्ग को बसपा-सपा-भाजपा सम्बोधित करते हैं उस तरह वाम सम्बोधित नहीं कर सकता। बुर्जुआदलों का जो लक्ष्य है वह लक्ष्य वामदलों का नहीं हो सकता।लेकिन यह एक वास्तविकता है कि वाम के पास यूपी के मध्यवर्ग को आकर्षित करने का कभी भी कोई ब्लू प्रिंट नहीं रहा।
यूपी में मध्यवर्ग को अपनी ओर खींचने के लिए जिस तरह की व्यापक सांस्कृतिक-सामाजिक समझ चाहिए वह भी कम्युनिस्ट नेतृत्व विकसित नहीं कर पाए,इसके विपरीत यह देखा गया कि कम्युनिस्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं में मध्यवर्ग के प्रति,खाते-पीते लोगों के प्रति एक खास किस्म की मन ही मन नफरत है। इसे बनाए रखने में वामनेताओं और उनके आचरण ने नकरात्मक भूमिका निभायी है।
हम यह भूल जाएं कि साठ और सत्तर के दशक में वामदलों का किस तरह का जलवा था! उस दौर में सारे देश में भिन्न किस्म का राजनीतिक परिवेश था।वाम का बुनियादी संकट यह है कि मध्यवर्ग से वह दूर रहा और मजदूर-किसान को अपना बना न सका।फलतःउसकी स्थिति ठन ठन गोपाल जैसी होकर रह गयी ! 
दिलचस्प बात यह यह है वाम का अधिकाँश नेतृत्व मध्यवर्ग से आता है लेकिन मध्यवर्ग को आकर्षित करना नहीं जानता। मध्यवर्ग को आकर्षित करने की कला वाम में क्यों नहीं विकसित कर पाया ॽ क्यों मध्यवर्ग के प्रति सामंती घृणा घर किए रही ॽमध्यवर्ग के अभाव में गतिशील कम्युनिस्ट पार्टी बनाना संभव नहीं है।केरल-पश्चिम बंगाल में कम्युनिस्टों के विकास में मध्यवर्ग की बहुत बड़ी भूमिका रही है।इन दिनों बंगाल में वाम के सामने जो संकट है उसमें मध्यवर्ग के सचेत हिस्सों का वाम को छोड़कर टीएमसी के साथ चले जाना है,सबसे बड़ी समस्या है।वाम के पास वोट है,जनता है,लेकिन मध्यवर्ग भाग खड़ा हुआ है।
वाम को यह बात समझनी होगी कि यूपी में वाम का विस्तार करना है तो मध्यवर्ग को आकर्षित करने की क्षमता सांगठनिक तौर पर विकसित करनी होगी।मध्यवर्ग के बिना संगठन को गतिशील नहीं बना सकते।दूसरी बात यह कि जो लोग मध्यवर्ग से आते हैं और वाम के सदस्य हैं उनकी वैचारिक छानबीन करने की जरूरत है।
मेरा मानना है फिलहाल वाम के पास जो मध्यवर्गीय कॉमरेड हैं इनमें अधिकतर वे हैं जो एकदम सर्जनाहीन हैं,यानी वाम के पास जो मध्यवर्ग के लोग आए हैं ये वे लोग हैं जिनकी मध्यवर्ग में कोई साख नहीं है,सर्जनात्मक –वैचारिक पहचान नहीं है।रद्दी किस्म के मध्यवर्गीय लोगों को लेकर आकर्षित करने की क्षमता पैदा नहीं की जा सकती।
संकीर्णताएं, कठमुल्लापन और वामपंथी रोमैंटिशिज्म को छोड़ना होगा

यूपी में वाम का संकट-3-

वाम को यूपी में विकास करना है तो अपने पुराने वस्त्रों को छोड़ना पड़ेगा। विभिन्न किस्म की संकीर्णताएं, कठमुल्लापन और वामपंथी रोमैंटिशिज्म को छोड़ना होगा।वाम को सबसे ज्यादा क्षति इन चीजों ने पहुँचायी है।एक खास किस्म के पुराने आचार-व्यवहार ,जीवनशैली को बनाए रखकर वाम के जनाधार का विकास संभव नहीं है।यूपी में बहुत बड़ा हिस्सा है जो आपसी पंगों के कारण वामदलों से निकाल दिया गया। वाम के अंदर सामान्य सी भी सहिष्णुता और उदारता नहीं है,वामनेता और कार्यकर्ता बहुत ही जल्दी फतबे देने लगते हैं,तंज कसने लगते हैं,सामान्य भाषा में कहें तो डाह और कुतर्क या अविवेकवाद इस तरह के कॉमरेडों की सबसे बड़ी पूंजी है।अपनी घटिया समझ के आधार पर वे विभिन्न वर्गों और समुदायों के बारे में राय बनाए रखते हैं,इसके चलते उनके मन और आचरण में कम्युनिस्ट पार्टी के करीब आने के बाद भी कोई बदलाव नहीं आता।विभिन्न पेशेवर तबकों और कामों के प्रति सम्मान का भाव एकसिरे से गायब है।खासकर मध्यवर्गीय तबके के लोग जिन पेशों में काम करते हैं उनके प्रति अवैज्ञानिक समझ इनमें कूट-कूटकर भरी हुई है।वे हर मध्यवर्गीय व्यक्ति को ´लंपट किसान´ की नजर से देखते हैं,औचकभाव से देखते हैं।उनमें मध्यवर्गीय यथार्थ को जानने और समझ बनाने की बुद्धि अभी तक विकसित नहीं हो पायी है।
वर्तमान की नब्ज जिसके हाथ में नहीं है

यूपी में वाम का संकट-4-
यूपी और दूसरे हिन्दीभाषी राज्यों में वामकर्मियों में स्वतंत्रता की भावना सबसे गरम रूप में नजर आती है।हर समय वे क्रांति,समाजवाद आदि को लेकर गरमागरम बातें करते हैं।सबको धिक्कारते हैं,पूंजीवाद की भयावह तस्वीर पेश करते हैं और अपनी श्रेष्ठता का जाप करते हैं।इनमें सबमें गरम आग मिलेगी।लेकिन मुश्किल यह है कि समाज में कहीं आग नहीं है।यह असल में ऐसे व्यक्ति की आग है जिसने समाज से वैराग्य ग्रहण कर लिय़ा है,जो सामाजिक यथार्थ से भागा हुआ है,वर्तमान की नब्ज जिसके हाथ में नहीं है।मुक्तिबोध की भाषा में कहें यह अस्थायी सन्यासी है।सुनने में इस तरह का सन्यास भाव अच्छा लगता है।लेकिन यथार्थ में यह दमघोंटू है।इसे हम यथार्थरहित स्वतंत्रता कहें तो समीचीन होगा।कम्युनिस्टों में यथार्थरहित स्वतंत्रता कब और कैसे आई इसके बारे में ठीक से बताना मुश्किल है।यह ऐसा कॉमरेड है जिसने सही ढ़ंग से न तो जनतंत्र को देखा है और न उसके विस्तार को महसूस ही किया है उसके लिए तो जनतंत्र आज भी बोगस है,बेकार है।यही वह प्रस्थान बिंदु है जहां से वह लोकतंत्र में दिलचस्पी नहीं लेता।आए दिन लोकतंत्र पर हमले करता है,लोकतंत्र में शामिल दलों को निशाना बनाता है।उसके लिए सपा बुरा दल है,बसपा गुण्डों का दल है,कॉग्रेस बिकी हुई पार्टी है।भाजपा चोर है।यदि कोई ईमानदार हैं तो बस कम्युनिस्ट! इस तरह का ज्ञान कितना अज्ञान से भरा है इसे बताने की जरूरत नहीं है।इन इलाकों के कॉमरेड लोकतंत्र में नहीं शब्दतंत्र में जिंदा रहता है।लोकतंत्र से विमुख रहकर शब्दों की जुगाली करना समाजवाद नहीं है और न यह एक अच्छे कम्युनिस्ट का ही लक्षण है। एक अच्छा कम्युनिस्ट वह है जो लोकतंत्र को जाने,यथार्थ को जाने,उसे व्यक्त करना जाने।
मसलन्,इन दिनों हम सब फेसबुक पर हैं,यूपी के तमाम नेता और कॉमरेड भी फेसबुक पर हैं,पता करो ये लोग सारे दिन क्या करते हैं ,ये अपने विचारों का प्रचार क्यों नहीं करते,किसने रोका है यहां पर,फेसबुक पर तो पूरी आजादी है,कुछ भी लिख सकते हैं.लेकिन वे नहीं लिखेंगे।वे सामान्य सा मेल-मिलाप ,संचार भी नहीं करते फेसबुक पर।इससे पता चलता है ये लोग नए ज्ञान को ग्रहण करने और उसके अनुकूल आचरण करने से डरते हैं।नए के प्रति भय,संकोच और कुंठाएं इस कदर भरी पड़ी हैं कि वे नए विचार व्यक्त करने वाले साथियों को तत्काल वर्ग शत्रु घोषित कर देते हैं,बिका हुआ घोषित कर देते हैं।


मार्क्सवाद को जानने का अर्थ है और भी विनम्र बनना है,लेकिन यूपी में उलटा है
यूपी में वाम का संकट-5-
समाजवादी विचारों के प्रचार-प्रसार में अहंकार और दम्भ बहुत बड़ी समस्या है।मैंने जब आरंभ में मार्क्सवाद पढ़ा और मथुरा में जन सांस्कृतिक मंच के मित्रों में काम करता था तो अमूमन समाजवाद,मार्क्सवाद के अहंकार और श्रेष्ठताबोध से भरी बातें किया करता था,हमेशा पार्टी लाइन की श्रेष्ठता हर मंच पर हर गोष्ठी में सिद्ध करता रहता था,लेकिन कुछ दूसरे मित्र भी थे जिनमें एकदम अहंकार नहीं था,वे कभी पार्टी लाइन की श्रेष्ठता की वकालत नहीं करते थे।मैंने बाद में उनसे विनम्रता सीखी,अहंकार को त्यागकर अपनी बात कहने की कला सीखी।
पार्टी लाइन सही है,पार्टी कभी गलत नहीं हो सकती,इसके आदर्श पुरूष थे सव्यसाची जिनसे हम बहुत प्रभावित थे,बाद में अनुभव से पता चला कि मामला इतना सरल नहीं है।अनेक मामलों में,विषयों में पार्टी की कोई लाइन नहीं है,अथवा जो लाइन है वह सुसंगत नहीं है। 
मार्क्सवाद को जानने का अर्थ है और भी विनम्र बनना है,लेकिन यूपी में उलटा है,हो सकता है अन्यत्र भी यही समस्या हो। प्रगतिशील लेखकों के एक वर्ग में यह समस्या आज भी है। दंभ और अहंकार के कंधे पर सवार होकर जब मार्क्सवाद आएगा तो बेहद खतरनाक होगा।जेएनयू में जाने के बाद अहंकार एकदम चूर-चूर हो गया,वहां जाकर पता चला कि मार्क्सवाद के बारे में ,कम्युनिस्ट आंदोलन के बारे में कितना कम जानता था और पहलीबार यह लगा कि मार्क्स अपूर्ण हैं। अनेक मामलों में गलत भी। जेएनयू जाने के बाद महसूस हुआ कि कुछ और चाहिए जो मार्क्सवाद के बाहर है उसे खोजो,कुछ और चाहिए जो पार्टी लाइन के बाहर है उसे खोजो। पार्टीलाइन के बाहर ज्ञान खोजे बिना न तो पार्टी सुधर सकती है और न कॉमरेड सुधर सकते हैं। सवाल यह है हम मार्क्सवाद क्यों पढ़ते हैं ॽ हम क्या जानना चाहते हैं ॽ जो जानना चाहते हैं उसका क्या करना चाहते हैं ॽ
https://www.facebook.com/jagadishwar9/posts/1376155512413152

***************************************************************************





कहने को तो भाकपा और माकपा 'जनवाद' पर आधारित दल हैं सैद्धान्तिक रूप से ,किन्तु व्यावहारिकता में ऐसा है नहीं किसी न किसी व्यक्ति - विशेष का ही नियंत्रण पूरी प्रादेशिक पार्टी पर रहता आया है। भाकपा में इसे AAP  परिवार कह सकते हैं। अतः जैसा कि, मधुवन दत्त चतुर्वेदी साहब ने लिखा है ---" सीपीआई राज्य सचिव का. (डॉ) गिरीश शर्मा को सुना । प्रतिनिधि सम्मलेन की बजाय चुनाव सभा में दिया जा रहा भाषण लगा । सपा बसपा कांग्रेस और बीजेपी को समानरूप से लांछित कर रहे थे । ............................ राज्य में वामपंथी दलों की चुनाव में स्वतंत्र भागीदारी के लिए बस्तुगत आधारों का कोई मार्क्सवादी विश्लेषण नहीं था । कुल मिलाकर निराशा हुई ............................" इसे पूर्णत : डॉ गिरीश का व्यक्तिगत दृष्टिकोण नहीं मानना चाहिए क्योंकि, नियंता AAP परिवार के नायक का कहना है कि, गिरीश तभी तक पद पर हैं जब तक उनका हाथ उनकी पीठ पर है। उनके अनुसार जिस दिन कामरेड्स को पता चलेगा कि, अब उनका हाथ गिरीश की पीठ पर नहीं है उसी दिन उनको पद से हटना पड़ेगा। एक राष्ट्रीय सचिव से उन्होने डॉ गिरीश को भिड़वा दिया है और उनको फोन पर विकल्प के रूप में जिन कामरेड का हवाला दिया था इस विशेषण के साथ कि, " वह भी कोई अच्छे नहीं हैं " और इसे सही सिद्ध करने के लिए उनसे भी उन राष्ट्रीय सचिव के विरुद्ध सोशल मीडिया पर लिखवा चुके हैं। वह नायक कामरेड, उनकी पत्नी और उनके दत्तक पुत्र (A A P) ही यू पी में पार्टी की दिशा तय करते हैं।  उन नायक कामरेड ने गिरीश जी को स्पष्ट निर्देश दिया हुआ है कि, obc व sc कामरेड्स से सिर्फ काम ही लेना है उनको कोई पद व ज़िम्मेदारी नहीं देना है और इसी का परिणाम था भाकपा प्रत्याशी  रहे obc व sc कामरेड्स अपने दल-बल सहित भाकपा को अलविदा कह गए। मित्रसेन यादव जी को भी अपने दल - बल सहित तब भाकपा को अलविदा कहना पड़ गया जबकि वह प्रदेश सचिव थे। जो भी प्रदेश सचिव होता है वह सिर्फ  वैधानिक (डियूरे ) होता है जबकि वास्तविक नियंता (डिफेकटो) यही नायक कामरेड रहते हैं जिस कारण मित्रसेन जी को उस पार्टी को छोडना पड़ा जिसके लिए संघर्ष करते हुये वह बूढ़े हुये थे। चाहे भीखा लाल जी रहे हों चाहे ऊदल जी अथवा विश्वनाथ शास्त्री जी दिशा निर्धारण स्वतंत्र रूप से करने में असमर्थ  महसूस करते रहे।

जैसा कि, जगदीश्वर चतुर्वेदी जी लिखते हैं --- " यह एक वास्तविकता है कि वाम के पास यूपी के मध्यवर्ग को आकर्षित करने का कभी भी कोई ब्लू प्रिंट नहीं रहा "। भाकपा के AAP परिवार के नायक सरीखे कामरेड्स पार्टी का विस्तार और वृद्धि चाहते ही नहीं हैं अन्यथा उनका  निजी 'साम्राज्य ' जो ध्वस्त हो जाएगा। 

इन परिस्थितियों में यू पी के 2017 के चुनावों में छह वामपंथी दलों के अलग से खड़ा होना अप्रत्यक्ष रूप से फासिस्ट शक्तियों के लिए ही मददगार रहेगा। 
( विजय राजबली माथुर )
*************************************************
फेसबुक कमेंट्स :

Saturday, 3 September 2016

इतिहास के झरोखे से ------ विजय राजबली माथुर


Mukutdhari Agrawal


कुछ वर्ष पूर्व इंटीलीजीलेंस व्युरों (आई बी ) के पूर्व संयुक्त निर्देशक एम के धर की एक पुस्तक खुले रहस्य ' आई थी जिसमे उन्होने रहस्योद्घाटन किया था कि मुकेश अंबानी के स्व0 पिता धीरु भाई अंबानी ने किस तरह काँग्रेस पार्टी , उसके मंत्रियो और वरिष्ठ प्रशासको को प्रभावित किया था । पुस्तक से कुछ अंश :- 
" 1980 मे धीरुभाई भारत के औधौगिक व आर्थिक परिदृश्य पर एकाएक छा गए / इसी समय काँग्रेस पार्टी ,उसके कुछ मंत्री व वरिष्ठ प्रशासक अंबानी के आकर्षण मे आए और उन्होने उभरते उद्योगपति को 500 बड़े उद्योगपतिओ के दायरे मे शामिल होने मे मदद की । 1986 मे धीरुभाई अंबानी भारतीय व्यवस्था तंत्र को अभूतपूर्व रूप से प्रभावित करने की स्थिति मे आ चुके थे । उन्होने इन्दिरा प्रशासन मे अपनी पैठ बना ली थी । इसका जरिया बने प्रणव मुखर्जी ,जैसे राजनैतिक प्रशासक ,और लाभान्वित करनेवाले अनेक पेशेवर प्रशासक जिनमे गोपी अरोरा ,नितीश सेनगुप्ता एवं एन के सिंह प्रमुख थे । 1986 मे धीरु भाई समझ गए थे कि बोली लगाने और खरीदने से भारत उनका हो सकता है "
"धीरुभाई अंबानी ने देश को सबसे बड़े औढयोगिक घरानो मे एक दिया । इसके लिए उन्होने भारत की राजनेतिक एवं प्रशासकीय पद्धति को तोड़ -मरोड़ कर रख दिया । अपनी विलक्षण प्रगति मशीन मे उन्होने अपने खास तरीके से मानव मूल्यो ,संवेधानिक औचित्यों तथा प्रशासन की कानूनी धारणायों के टुकड़े -टुकड़े कर हरेक को भ्रष्ट कर डाला ।"
- एम के धर ,पूर्व संयुक्त निर्देशक , आई बी 
' खुले रहस्य 'पुस्तक से साभार
मुकेश अंबानी स्व 0 धीरु भाई अंबानी के बड़े पुत्र है । जब पिता ने काँग्रेस सत्ता और उसके मंत्रियो तथा वरीय प्रशासकीय अधिकारिओ को प्रभावित कर इतना बड़ा औढयोगिक साम्राज्य कायम कर लिया तब आज उनके पुत्र मुकेश वर्तमान प्रधान मंत्री के संपर्क का कथित लाभ ले रहे है तो आश्चर्य की बात क्या है ।

https://www.facebook.com/mukutdhari.agrawal/posts/1099126916836443

बुजुर्ग पत्रकार एवं उद्योगपति 'मुकुट धारी अग्रवाल ' साहब के इस रहस्योद्घाटन ने मुझे भी निकट इतिहास को स्मरण करने को प्रेरित कर दिया है। 
1972 में  सरधना रोड , मेरठ स्थित जिस  प्राईवेट  कंपनी के अकाउंट्स विभाग से मैंने रोजगार प्रारम्भ किया था उसमें मेरे साथ  'पतला' गाँव , मोदिनगर के एक कपड़ा व्यापारी अग्रवाल साहब के सबसे छोटे पुत्र  भी कुछ समय बाद मेरे साथ आ गए थे। वह वस्तुतः LLb की पढ़ाई  मेरठ कालेज , मेरठ से कर रहे थे किन्तु  सांयकालीन कक्षाएं होने के कारण दिन में जाब ज्वाईन करके अपना खर्च निकाल लेते थे। उनके एक अध्यापक 'सिन्हा' साहब  सुप्रसिद्ध न्यायमूर्ति  जगमोहन लाल सिन्हा साहब के रिश्तेदार थे। प्रोफेसर सिन्हा साहब ला के साथ-साथ अपने छात्रों को तत्कालीन राजनीतिक घटनाक्रम का विश्लेषण भी समझाते चलते थे। मेरे सहकर्मी अग्रवाल साहब तो व्यापारिक घराने से थे और उनको टेक़सेशन  में डिग्री हासिल करनी थी, राजनीति में उनको खुद दिलचस्पी नहीं थी । मेरे राजनीतिक रुझान के मद्दे नज़र वह मुझे कक्षा में प्राप्त विश्लेषणों  से अवगत कराते रहते थे। 
इन्दिरा गांधी का चुनाव रद्द हो सकता है  : 
प्रोफेसर सिन्हा ने 1973 में ही घोषित कर दिया था कि, रायबरेली संसदीय क्षेत्र से पी एम इन्दिरा गांधी का चुनाव रद्द हो सकता है क्योंकि न्यायाधीश सिन्हा साहब एक निर्भीक और निष्पक्ष व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति हैं। सुचेता कृपलानी जी के मुख्यमंत्रित्व काल में  1963 में वह जुड़ीशियल मेजिस्ट्रेट नियुक्त हुये थे  और 1973 में इलाहाबाद उच्च  न्यायालय में राजनारायन/इंदिरा गांधी के चुनाव की सुनवाई कर रहे थे। प्रसंग वश प्रोफेसर सिन्हा साहब ने बताया था कि, जब चौधरी चरण सिंह मुख्यमंत्री बने तब उनके एक रिश्तेदार का केस मेरठ के ज़िला न्यायाधीश जगमोहन लाल सिन्हा साहब की अदालत में चल रहा था। चरण सिंह फैसला अपने पक्ष में कराने के उद्देश्य से जज साहब की कोठी पर पहुँच गए थे। जज सिन्हा साहब ने अर्दली से पुछवाया कि, उनसे पता करो कि वह चौधरी  चरण सिंह हैं या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री। चौधरी चरण सिंह ने अर्दली से कहलवा दिया था कि जज साहब से कह दो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह आए हैं। जज साहब ने कहला भेजा कि उनको मुख्यमंत्री से नहीं मिलना है और बाद में फैसला चरण सिंह के रिश्तेदार के विरुद्ध आया था। इसी प्रकार  12 जून 1975 को फैसला पी एम इन्दिरा गांधी के विरुद्ध आया जिसका अनुमान प्रोफेसर सिन्हा ने 1973 में ही लगा लिया था। 
1980 से श्रम न्यायालयों में निर्णय श्रमिकों के विरुद्ध होने लगेंगे ::
इसी प्रकार 1973 में ही प्रोफेसर सिन्हा का आंकलन था कि, जैसी आर्थिक राजनीति चल रही है उसके अनुसार 1980 आते-आते श्रम न्यायालयों से फैसले श्रमिकों के विरुद्ध आने शुरू हो जाएँगे। 25/26 जून 1975 की एमर्जेंसी ,1977 की जनता सरकार और 1979 में उसका पतन, चौधरी चरण सिंह की इन्दिरा जी के सहयोग से गठित सरकार और उसका पतन  और फिर 1980 का चुनाव RSS के अंदरूनी समर्थन से जीत कर इन्दिरा जी की पुनर्वापिसी ही वह कारण थी कि, सरकार में व्यापारियों/उद्योगपतियों का हस्तक्षेप प्रभावी भूमिका में आता चला गया जिसका वर्णन मुकुटधारी अग्रवाल साहब ने एम के धर ,पूर्व संयुक्त निर्देशक , आई बी  द्वारा लिखित पुस्तक' खुले रहस्य ' के हवाले से किया है। 

सरकार पर व्यापार जगत का ही यह प्रभाव था कि, हकीकत में श्रम न्यायालयों ने मालिकों के हित में मजदूरों के विरुद्ध निर्णय सुनाये। अब तो मजदूरों की दशा 18 वीं सदी की ओर लौट गई है। 
उदारीकरण का अंजाम : 
रिलाएन्स जियो और वर्तमान पी एम के रिश्तों की जो चर्चा है वह उदारीकरण की स्व्भाविक परिणति है। 1985 का चुनाव भी राजीव गांधी ने RSS के अंदरूनी समर्थन से ही जीता था। उन्होने ही सरकार का कार्पोरेटिकरण शुरू किया था अरुण सिंह व अरुण नेहरू के सहयोग से। यही अरुण नेहरू बाजपेयी साहब की NDA सरकार के भी सलाहकार बने थे। राजीव गांधी के वित्तमंत्री  वी पी सिंह ने जब व्यापार जगत में आय कर  के छापे डलवाए तब उनको बर्खास्त करा दिया गया और जब जन-समर्थन से वह पी एम बन भी गए तब उनकी एक बैसाखी RSS समर्थक भाजपा थी। धीरुभाई अंबानी को तवज्जो  न देने के कारण  मण्डल रिपोर्ट लागू करने को बहाना बना कर भाजपा ने उनकी सरकार को गिरा दिया था। देश में जातीय दंगे/सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। 

1991 में THE INSIDER उपन्यास ( जिसमें कुबूला गया है कि, 'हम स्वतन्त्रता के भ्रम जाल में जी रहे हैं' ) बाद में लिखने वाले पी वी नरसिंघा राव साहब के वित्तमंत्री मनमोहन सिंह जी ने देश में 'उदार आर्थिक' नीतियाँ लागू कीं थीं जिनको न्यूयार्क जा कर भाजपा नेता एल के आडवाणी ने उनकी नीतियों को चुराया जाना बताया था। इसीलिए 1996 में 13 दिन के लिए फिर 1998 में 13 माह के लिए व 1999 में 60 माह के लिए भाजपा नीत  सरकारें रहीं एवं 1999 से 2014 तक मनमोहन नीत  कांग्रेस सरकारें दोनों में उदारीकरण बढ़ते-बढ़ते सरकारी उपक्रम निजी हाथों को सौंपे जाते रहे। 

कंपनी शासन की वापसी  : 
रिलाएन्स जियो क्यों? 1912 के राष्ट्रपति चुनाव की ओर ध्यान दें जब मनमोहन सिंह जी के आशीर्वाद से मुकेश अंबानी की इच्छा पर प्रणव मुखर्जी साहब राष्ट्रपति बनाए गए थे जिनहोने पद पर रहते हुये 'पुजारी' की भूमिका अपने गाँव जा कर निभाई थी । 2014 का चुनाव कारपोरेट वर्चस्व स्थापित करने का ही चुनाव था। 2019 का चुनाव  ईस्ट इंडिया कंपनी की तर्ज़ पर प्राईवेट कंपनियों के सरकार पर खुले नियंत्रण को स्थापित करने जा रहा है। 

ब्राह्मण वाद कारपोरेट शासन में सहायक : 
देश में  जितने भी राजनीतिक दल हैं सबका नियंत्रण ब्राह्मणों अथवा ब्राह्मण वादियों के हाथों में है। साम्यवादी दल और सम्पूर्ण वामपंथ भी इससे अछूता नहीं रहे हैं। वर्तमान राजनीति और अर्थनीति तेज़ी से ब्राह्मण वाद की जकड़ स्थापित करने की ओर बढ़ रही है कारपोरेट घरानों का इसी में हित है जो पूरा करेंगे ब्राह्मण वादी मोदीईस्ट  कामरेड्स। साधारण जनता को जागरूक करने वाला आज कोई प्रभावशाली व्यक्तित्व सामने नहीं है। कथनी और करनी में भारी अंतर है। इतिहास से कोई सबक लेने वाला नहीं है। 
************************************************************************
फेसबुक पर प्राप्त विचार :






Wednesday, 31 August 2016

वामदलों की संयुक्त रैली 9 नवम्बर को लखनऊ में ------ अरविंद राज स्वरूप



Arvind Raj Swarup Cpi

> जन समस्याओं को लेकर वामदलों की संयुक्त रैली 9
नवम्बर को लखनऊ में
> उ0प्र0 विधानसभा चुनाव में संयुक्त रूप से उतरेंगे
वामदल
>
> लखनऊ 30 अगस्त। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी,
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी),
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले-लिबरेशन),
एस0यू0सी0आई0 (सी0) तथा आर0एस0पी0 के राज्य
नेतृत्व ने आज माकपा कार्यालय पर संयुक्त प्रेस
वार्ता की।
> वार्ता में निम्न प्रेस नोट जारी किया गया:-
> उत्तर प्रदेश में 6 वामपंथी दलों ने अपनी संयुक्त
कार्यवाहियां सघन की हैं। केन्द्र सरकार द्वारा
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर किये गये हमले हों
अथवा उत्तर प्रदेश में सूखे की विभीषिका का
सुलगता सवाल, वामपंथी दलों ने संयुक्त रूप से सड़कों
पर उतर कर आवाज उठायी है। इन कार्यक्रमों की
फेहरिश्त लंबी है।
> गत तीन माह में वामपंथी दलों ने महंगाई,
बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवायें,
भ्रष्टाचार, किसानों की दयनीय दशा और
आत्महत्यायें, सूखा और बाढ़ की त्रासदी, दलितों,
महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचार तथा
साम्प्रदायिकता के सवाल पर कई संयुक्त सम्मेलन
आयोजित किये हैं। एक राज्य स्तरीय संयुक्त सम्मेलन
20 जून को लखनऊ में आयोजित किया गया तो 23
जुलाई को को मुजफ्फरनगर, 24 जुलाई को फैजाबाद
तथा 28 अगस्त को वाराणसी में सफल सम्मेलन किये
जा चुके हैं। अब 4 सितम्बर को मुरादाबाद तथा 10
सितम्बर को मथुरा में संयुक्त सम्मेलनों की तैयारी चल
रही है तथा अन्य पर विचार किया जा रहा है। सभी
सम्मेलनों में वामदलों का राज्य नेतृत्व भागीदारी कर
रहा है।
> आज यहां सम्पन्न वामदलों की संयुक्त बैठक का
निष्कर्ष है कि आर0एस0एस0 नियंत्रित केन्द्र की
सरकार पूरी तरह कारपोरेटों के हित में और आमजनों के
हितों के विरूद्ध काम कर रही है। अपनी
कारगुजारियों से उपजे जन असंतोष को भटकाने और
आर्थिक नव उदारवाद के एजेण्डे को मजबूती से लादने
को वह साम्प्रदायिकता को बढ़ावा दे रही है।
> उत्तर प्रदेश की राज्य सरकार भी अपने घोर
जनविरोधी एजेण्डे पर चलने के कारण हर मोर्चे पर पूरी
तरह विफल रही है। साम्प्रदायिकता से दृढ़ता से लड़ने
के बजाय वह अपने राजनीतिक हितों के लिए
साम्प्रदायिक शक्तियों से सांठगांठ बनाये हुए है।
मौजूदा साल में प्रदेश में हुए लगभग 200 छोटे बड़े
साम्प्रदायिक दंगे इसका जीता जागता उदाहरण हैं।
> वामपंथी दल इस बात से बेहद चिन्तित हैं कि इस
बीच केन्द्र सरकार भाजपा और संघ परिवार की शह
पर दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर हमलों में
तेजी आयी है तथा राज्य सरकार इनको रोकने में अपने
दायित्व का निर्वाह नहीं कर रही हैं।
> वामपंथी दलों ने संकल्प लिया है कि वे आने वाले
दिनों में देश व उत्तर प्रदेश की जनता के हित में अपने
आंदोलनों को और तेज धार देंगे।
> कमरतोड़ महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगी
पढ़ाई और महंगे इलाज, किसानों कामगारों की
बदहाली, सूखा/बाढ़ की त्रासदी, गन्ना किसानों
के चीनी मिलों पर बकाये का मय ब्याज फौरन
भुगतान, निजी कम्पनियों को सौंपी गयी बीमा
कम्पनियों द्वारा किसानों के साथ धोखाधड़ी,
महाजनी कर्ज की व्यवस्था पर रोक तथा सूखा और
बाढ़ पीड़ितों के कर्ज की माफी, पंगु बनी राशन
प्रणाली और उसमें गरीबों के साथ ठगी, सभी को
राशन एवं राशनकार्ड, दलितों, महिलाओं व
अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचार और अत्याचारियों
को कड़ी सजा, सीलिंग और अवैध कमाई के बल पर
संचित जमीनों के अधिग्रहण और उसका दलितों और
अन्य भूमिहीनों में वितरण, सभी गरीबों को समुचित
आवास हेतु भूमि और धन का आवंटन, औद्योगिक,
असंगठित व खेत मजदूरों के अधिकारों की रक्षा तथा
साम्प्रदायिक शक्तियों की कारगुजारियों पर रोक
आदि सवालों पर स्थानीय स्तरों पर आन्दोलन तेज
किया जायेगा।
> इसके बाद 6 वामपंथी दल प्रदेश की राजधानी
लखनऊ में उपर्युक्त सवालों पर 9 नवम्बर को एक संयुक्त
रैली का आयेाजन करेंगे।
> वामपंथी दल चुनावों को भी जनता के मुद्दों पर
आन्दोलन के रूप में ही लड़ते हैं। 6 वामपंथी दलों ने उत्तर
प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनावों में मुद्दों के
आधार पर संयुक्त रूप से उतरने का निश्चय किया है।
> वामदल धर्मनिरपेक्ष व जनवादी ताकतों और आम
मतदाताओं से आग्रह करेंगे कि वे प्रदेश को दुर्दशा के
हालातों में पहुंचाने वाले, मुद्दाविहीन राजनीति
करने वाले, पूंजीवादी, जातिवादी, साम्प्रदायिक
और जनविरोधी दलों को परास्त करें और वामपंथ को
मजबूत करें। मुद्दों पर आधारित राजनीति ही प्रदेश
को मौजूदा दलदल, दल-बदल और धनबल से उबार सकती
है।
> वामपंथी दलों ने दो सितम्बर को अपनी मांगों के
लिए की जा रही मजदूर वर्ग की ऐतिहासिक हड़ताल
को पूर्ण समर्थन प्रदान किया है और अपने
कार्यकर्ताओं व समर्थकों से आह्वान किया है कि वे
सड़कों पर उतर कर मेहनतकश वर्ग को समर्थन प्रदान करें.
प्रेस वार्ता में भाकपा राज्य सचिव डा. गिरीश,
सहसचिव अर्विन्द्राज स्वरूप, माकपा राज्य सचिव
हीरालाल यादव, सचिव मंडल सदस्य दीनानाथ सिंह
यादव, भाकपा- माले के सचिव रामजी राय, अरुण
कुमार सिंह, फार्बर्ड ब्लाक सचिव एस.एन. सिंह,
एस.यू.आई. सी - के जगन्नाथ वर्मा शामिल थे.

https://www.facebook.com/photo.php?fbid=1788816421336488&set=a.1488613171356816.1073741825.100006244413046&type=3
*****************************************************************


Madhuvandutt Chaturvedi
01-09-2016   
उत्तर प्रदेश में बिहार की तर्ज पर वाम मोर्चे को अकेले चुनाव लड़ने से कोई फायदा नहीं होगा । इस मामले में पंजाब में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ने का फैसला विवेकपूर्ण है । यूपी में भाकपा को सीपीआई (एम) और सीपीआई (एम एल) की छाया से बाहर आकर स्वतंत्र निर्णय लेना चाहिए था ।

https://www.facebook.com/madhuvandutt/posts/998376373608429

मधुवन दत्त चतुर्वेदी जी का निष्कर्ष सटीक है किन्तु उन्होने इस बात पर ध्यान नहीं दिया है कि, यूपी में भाकपा  ब्राह्मणों  अथवा ब्राह्मण वादियों और विशेषतः एक ही परिवार के नियंत्रण में है। इसके सूत्रधार का मंत्र है कि, obc एवं  sc वर्ग के लोगों से सिर्फ काम लिया जाये उनको कोई पद न दिया जाये , वह 1994 से अब तक दो बार पार्टी को विभाजित भी करा चुके हैं तथा भाकपा प्रत्याशी रहे obc एवं  sc वर्ग के लोगों  को पार्टी छोडने पर मजबूर भी कर चुके हैं। ऐसे तत्व भीतर-भीतर फासिस्ट शक्तियों को लाभ पहुंचाते हैं । उनको हटाये बगैर भाकपा का भविष्य सुरक्शित नहीं हो सकता है। 
(विजय राजबली माथुर )

Wednesday, 24 August 2016

एक न्याय संगत संवैधानिक प्रावधान है : “आरक्षण” ----- - मंजुल भारद्वाज

भावनाओं की राजनीति दक्षिण पंथी राजनैतिक पार्टियां का ब्रह्मास्त्र है  :
दक्षिण पंथी राजनैतिक पार्टियां सिर्फ़ और सिर्फ़ भावनाओं की राजनीति करती हैं . ये पार्टियां जनता की भावनाओं का राजनीतिकरण करती हैं . इनका हथियार हैं भावनाओं का दोहन . ये जन आस्था , धर्म ,राष्ट्रीयता , संस्कृति , संस्कार , सांस्कृतिक विरासत बचाने का दावा करती हैं , दम्भ भरती हैं और इन मुद्दों पर इनको जन समर्थन भी मिलता है पर दरअसल ये पार्टियां इन भावनात्मक मुद्दों का उपयोग अपने शुद्ध राजनैतिक फायदे के लिए करती हैं या यूँ कहें की इनके यही असली राजनैतिक मुद्दे हैं . ये मुद्दे ऐसे हैं जो जनता के करीब होते हैं या सामन्य भाषा में कहें की हर नागरिक के लिए एक तरह से गर्व के , सम्मान के प्रतीक होते हैं  और सामान्य नागरिक इसके बारे में ज्यादा सोचता नहीं हैं .
 देश को तोड़ने का खतरा  :
 दक्षिण पंथी राजनैतिक पार्टियां आस्था , धर्म ,राष्ट्रीयता , संस्कृति , संस्कार , सांस्कृतिक विरासत के मुद्दों का अति सरलीकरण करके जनता के सामने रखती है जैसे एक देश एक भाषा .वो जनता से पूछती है की अपना देश एक है तो भाषा एक होनी चाहिए की नहीं और जनता सरल और सीधा जवाब देती है हाँ एक देश है तो एक भाषा हो ..सवाल भी सरल और जवाब भी सरल ...वाह कितना आसान और सरल तरीका है देश में एक भाषा के फार्मूले का ये अति सरलीकरण ही इनका असली भावनात्मक खेल है ..आइये देखें इसे अपने भारत के व्यवहारिक आईने में ... भारत में हर चार कोस पर पानी और वाणी बदलती है तो क्या ऐसे में सब भाषाओँ का गला घोट दिया जाए ? अलग अलग भाषाओँ के बोलने वालों को डंडे के जोर पर एक ही भाषा बोलने के लिए मजबूर किया जाए ? और उनको डंडे के ज़ोर पर मजबूर किया गया तो देश का क्या होगा? ये ऐसे सवाल हैं जो मस्तिष्क में कौन्धतें हैं .. और हमारे सामने एक नया सवाल खड़ा करतें  हैं की क्या एक भाषा के लिए हम एक देश को तोड़ने का खतरा मोल ले सकते हैं? तो जवाब है भाषा से पहले देश और एक देश ...
राष्ट्रवादियों की प्रेरणा विदेशी है  :
अब आइये इन भावनाओं का व्यापार कर अपनी राजनीति चमकाने वालों के राष्ट्रवाद की प्रेरणा कहाँ से आती है . शुद्ध देसी , स्वदेशी , और राष्ट्रवादियों की प्रेरणा विदेशी है .. यूरोप के देशों की नकल है . यूरोप के देश विविधता और बहुलता को पचा नहीं पाये और उन्होंने इंसानियत का क़त्ल कर डंडे के जोर पर  ऐसे राष्ट्रों  का निर्माण किया . उन्हीं यूरोपीय देशों की नकल ये  दक्षिण पंथी राजनैतिक पार्टियां  कर रही हैं . अब सवाल ये है भारतीय परिवेश में ये विचार अमल में लाया जा सकता है ? आइये विचार करें .एक तो भारत मुट्ठी भर लोगों का देश नहीं हैं, १२५ करोड़ लोगों का देश है . भारत दुनिया का एक ऐसा देश है जो जैविक , भौगोलिक विविधताओं का विधाता है . कितने मौसम , ऋतुएं , रंग , भेष , बोली, भाषा हैं की ये जिस राष्ट्रवाद की कल्पना ये  दक्षिण पंथी राजनैतिक पार्टियां भारत में लाने और थोपने की बात कर रही हैं वो नामुमकिन और असम्भव है इसलिए हमारे राष्ट्र की नीव विविधता और बहुलता है !
दक्षिण पंथी कट्टरवादियों ने दरअसल युवाओं को बरगलाने का कामयाब षड्यंत्र रचा है . युवाओं के दिल को मैला किया है .. उनकी भावनाओं को भड़का कर उनके तर्क , विचार करने की बौद्धिक क्षमता का ह्रास किया है , कुंद किया है और इस हद्द तक जहर घोला है की भारतीय संविधान के पवित्र सिद्धांतों के लगभग विरोध में युवाओं के दिल में जहर भरा है इसके उदहारण देखिये हाल ही में भारतीय विषमताओं में सामजिक न्याय और समता के लिए अनिवार्य एक पहल “आरक्षण” पर बवाल इस बात का प्रमाण है की सवर्ण जाति के युवा अपनी प्रगति में “आरक्षण’” को एक बाधा मानते हैं ... “आरक्षण” का उद्देश्य , उसके लाभार्थी , उसके सभी आयामों का शुद्ध तथ्यों के आधार पर विश्लेष्ण करने के बाद भी समझने को तैयार नहीं हैं ..इस हद्द तक मेरे देश के युवाओं के दिलों को मैला किया है की वो अपने तर्क और विवेक बुद्धि का उपयोग करने को तैयार नहीं हैं . वो जन्म के संयोग से ऊपर उठकर विचार करने की हालत में नहीं है की भारत जैसे देश में जहाँ जन्म के संयोग से बच्चों का भविष्य तय होता हो वहां “आरक्षण” एक न्याय संगत संवैधानिक प्रावधान है . ये  दक्षिण पंथी राजनैतिक पार्टियां नव आर्थिक उदारवाद के दौर में नए रोजगार के अवसर कैसे बढे , युवाओं को रोजगार कैसे उपलब्ध हों , सरकार नए रोजगार कैसे उपलब्ध कराये इस पर चर्चा नहीं करती क्योंकि उनको युवाओं के रोजगार में दिलचस्पी कम और जाति का सहारा लेकर विभिन्न जातियों को आपस में लड़ाने में ज्यादा रूचि  है जिससे ये अपने हिन्दुत्ववादी  एजेंडा लागू कर सकें  . अभी हाल ही में हरियाणा में हुई  हिंसा इसका प्रमाण है .गौर से देखिये इस किसान विरोधी सरकार को असल में किसानों की हालत बेहतर करने का काम करना था पर वो काम नहीं करके ..जो खेती पर आधारित हैं उन्हें आरक्षण  की होली में झोंक दिया . प्रश्न आरक्षण का नहीं है , असल प्रश्न यह है कि किसानों को ‘आरक्षण’ मांगने की ज़रूरत क्यों पड़ी ? खेती की ऐसी हालत क्यों हुई की किसान आत्म हत्या कर रहा है , युवाओं का कृषि को एक रोजगार एक रूप में अपनाने का रुझान कम है , क्यों एक ग्रामीण व्यवस्था वाले कृषि प्रधान देश में किसानों की ये हालत है ? अपने आप को छाती ठोक कर , आत्म घोषित राष्ट्र वादी पार्टी और उनकी सरकार अमेरिका के दवाब में डब्ल्यू टी ओ में किसान विरोधी करार पर साइन करती है और उसकी मंत्री संसद में बयान देती है ..” मज़बूरी थी जी करना पड़ा “ यही इन राष्ट्रवादी सरकार का असली चेहरा .. कथनी और करनी में कोई मेल नहीं ...यही नहीं ये देश की सम्प्रभुता के साथ खिलवाड़ करने का प्रमाण भी है .
देश के रचनात्मक निर्माण में  :
दरअसल हमारे युवा तकनीक के फीड का शिकार है , उसको जो फीड कर दिया जाए वही उसके लिए अंतिम सत्य है ..वो देश की नीतियों को  बस अपने निजी सुविधा के हित में देखता , सोचता और परखता है , उसके लिए देश का मतलब है बस उसका भला ... क्योंकि ये स म स SMS  जनरेशन नव उदार आर्थिक युग के दौर की पैदाइश हैं जहाँ विश्वविधालयों में विचार मंथन का दौर लगभग बंद  हो  गया है , सोशल मीडिया बस उपभोगता वाद का मात्र लाइक- डीस लाइक मंच है ऐसे में भारतीय युवाओं को अपने वैचारिक आधार को व्यापक बनाने के लिए अपने लिए नए संवाद मंच बनाने होंगें . जहाँ वो आस्था , धर्म ,राष्ट्रीयता , संस्कृति , संस्कार , सांस्कृतिक विरासत, सेकुलरवाद , लिंग समानता और सामाजिक , आर्थिक , सांस्कृतिक समता  के मुद्दों के  अति सरलीकरण के खेल को समझ सके . इन मुद्दों पर अपने विचार को स्पष्ट कर सके . दक्षिण पंथी कट्टरवादियों के झांसे  में ना आये और शुद्ध भावनाओं से देश के रचनात्मक निर्माण में अपना योगदान दे !

-----------------------------

संक्षिप्त परिचय -

“थिएटर ऑफ रेलेवेंस” नाट्य सिद्धांत के सर्जक व प्रयोगकर्त्ता मंजुल भारद्वाज वह थिएटर शख्सियत हैं, जो राष्ट्रीय चुनौतियों को न सिर्फ स्वीकार करते हैं, बल्कि अपने रंग विचार "थिएटर आफ रेलेवेंस" के माध्यम से वह राष्ट्रीय एजेंडा भी तय करते हैं।

एक अभिनेता के रूप में उन्होंने 16000 से ज्यादा बार मंच से पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।लेखक-निर्देशक के तौर पर 28 से अधिक नाटकों का लेखन और निर्देशन किया है। फेसिलिटेटर के तौर पर इन्होंने राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर थियेटर ऑफ रेलेवेंस सिद्धांत के तहत 1000 से अधिक नाट्य कार्यशालाओं का संचालन किया है। वे रंगकर्म को जीवन की चुनौतियों के खिलाफ लड़ने वाला हथियार मानते हैं। मंजुल मुंबई में रहते हैं। उन्हें 09820391859 पर संपर्क किया जा सकता है।


संपर्क - मंजुल भारद्वाज .
373/ 18 , जलतरंग ,सेक्टर 3 , चारकोप ,कांदिवली (पश्चिम)  मुंबई -400067.
फोन : 9820391859